‘दुबई कस्टम में फंस गया हूं’… फेसबुक दोस्त की कहानी में फंसी महिला, ऑनलाइन ठगी का हुई शिकार

इंदौर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक बीमा एजेंट महिला को फेसबुक पर दोस्ती के बाद आरोपी ने ऐसी कहानी सुनाई कि वह उसके झांसे में आ गई। आरोपी ने खुद को दुबई एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों के कब्जे में फंसा बताया और मदद के नाम पर महिला से अलग-अलग किस्तों में 44 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद जब आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया तो महिला को ठगी का अहसास हुआ। शिकायत पर पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक मैसेंजर पर दोस्ती, फिर शुरू हुआ भरोसे का खेल
पुलिस के मुताबिक फरियादी संगीता बीमा एजेंट हैं। फेसबुक पर उनकी ओमकुमार नाम के व्यक्ति से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच फेसबुक मैसेंजर पर लगातार बातचीत होती थी। इसी बातचीत का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला का भरोसा जीता।19 सितंबर की शाम करीब 5 बजे आरोपी ने मैसेंजर पर महिला को संदेश भेजा। उसने कहा कि वह दुबई एयरपोर्ट पर कस्टम जांच में फंस गया है और एम्बेसी ने उसे रोक रखा है। इसके चलते उसे तत्काल पैसों की जरूरत है। आरोपी ने महिला से यह भी कहा कि वह इस बात की जानकारी किसी और को न दे।
ये भी पढ़ें: 9 महीने तक समुद्र में रहा अमेरिकी युद्धपोत, 8 नौसैनिकों ने की आत्महत्या की कोशिश; अब सामने आई पूरी कहानी
दूसरे नंबर से WhatsApp मैसेज, QR कोड भेजकर लिए 25 हजार
आरोपी ने इसके बाद दूसरे वॉट्सऐप नंबर से महिला से संपर्क किया और उसे कॉल करने को कहा। बातचीत के दौरान उसने एक QR कोड भेजा। आरोपी की बातों पर भरोसा करते हुए महिला ने QR कोड के जरिए 25 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।इसके बाद आरोपी ने दोबारा पैसों की मांग की। महिला से 19 हजार रुपए और ट्रांसफर करा लिए गए। इस तरह अलग-अलग किस्तों में कुल 44 हजार रुपए की रकम ठग ली गई।
ये भी पढ़ें: मानसून की विदाई से पहले MP में फिर बदलेगा मौसम! 25-26 सितंबर को झमाझम बारिश का अलर्ट
55 हजार की और मांग, रकम नहीं मिली तो फोन किया बंद
ठगी का खेल यहीं नहीं रुका। इसके बाद महिला के पास एक और कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि ओमकुमार को छुड़ाने के लिए अभी और पैसों की जरूरत है। महिला से अगले दिन 55 हजार रुपए जमा करने को कहा गया।इस बार महिला ने रकम ट्रांसफर नहीं की। पैसे नहीं मिलने के बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। लगातार संपर्क करने की कोशिश के बाद महिला को पूरा मामला संदिग्ध लगा और उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।




















