स्पेन जाने की प्लानिंग में थे DSP सिराज ;सूर्या ने फोन पर बोला 'मियां बैग पैक करके आ जाओ'...

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप का आगाज जीत के साथ किया है। पहले मैच में सूर्या की कप्तानी में टीम ने अमेरिका को 29 से हराया है। अमेरिका के निमंत्रण पर बैटिंग करने आई भारतीय पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 46 रनों के अंदर 4 विकेट गंवा दिए थे। लेकिन फिर यहां से सूर्या ने अपनी दमदार किरण से टीम को ऐसा संभाला की भारत 20 ओवर में 161 रनों तक पहुंचा।
वहीं जब गेंदबाजी का मौका आया तो भारत ने यहां भी USA की नाक में दम कर दिया। अमेरिकी टीम ने 100 रन भी नहीं बनाए और 5 विकेट गंवा दिए। पहले मुकाबले में अमेरिका के खिलाफ तीन विकेट लेकर सबसे सफल तेज गेंदबाज बने मोहम्मद सिराज शुरुआत में भारतीय स्क्वाड का हिस्सा ही नहीं थे। दरअसल, वह उस समय स्पेन घूमने की तैयारी कर रहे थे।
मियां बैग पैक करो, वर्ल्ड कप खेलना है- सूर्यकुमार यादव
इसी दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सिराज को फोन किया और कहा, “मिया, बैग पैक कर लो, वर्ल्ड कप खेलना है।” सूर्या की यह बात सुनकर सिराज को यकीन नहीं हुआ। उन्होंने इसे मजाक समझते हुए जवाब दिया कि उनसे मजाक न किया जाए, क्योंकि वह तो स्पेन जाकर फुटबॉल मैच देखने की योजना बना चुके हैं।
हालांकि बाद में जब उन्हें पता चला कि कॉल पूरी तरह गंभीर है, तो सिराज ने तुरंत अपनी प्लानिंग बदली और टीम इंडिया से जुड़ गए। इसके बाद मैदान पर उन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया।
IPL से पहले वेकेशन पर जाने वाले थे सिराज
आईपीएल से पहले मोहम्मद सिराज छुट्टी मनाने की तैयारी कर रहे थे। दरअसल, टी-20 वर्ल्ड कप टीम में चयन न होने के बाद वह रणजी ट्रॉफी में हैदराबाद की कप्तानी कर रहे थे। उनकी टीम नॉकआउट चरण में नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद सिराज ने कुछ समय आराम करने का फैसला किया। वह अगले हफ्ते स्पेन जाने की योजना बना चुके थे।
जहां रियल मैड्रिड और रियल सोसिएदाद के बीच होने वाला फुटबॉल मैच देखने का इरादा था। इसके बाद रमजान के दौरान परिवार के साथ समय बिताने और फिर आईपीएल की तैयारियों में जुटने का उनका प्लान था। हालांकि किस्मत ने अलग ही मोड़ लिया और वर्ल्ड कप कॉल ने उनकी सारी प्लानिंग बदल दी।
देर रात 3 बजे मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे
मोहम्मद सिराज रात करीब तीन बजे मुंबई पहुंचे। देर रात पहुंचने के बावजूद उन्होंने उसी रात विरोधी टीम के बारे में थोड़ी तैयारी की और फिर कुछ देर आराम किया। सुबह होते ही उन्हें टीम मैनेजमेंट से मैसेज मिला कि अमेरिका के खिलाफ पहले ही मुकाबले में उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाएगा, क्योंकि जसप्रीत बुमराह इस मैच के लिए फिट नहीं थे।











