क्या ‘धुरंधर 2’ के डर से पीछे हटेगी ‘भूत बंगला’? ट्रेड एक्सपर्ट्स का बड़ा दावा

बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त एक ही नाम गूंज रहा है ‘धुरंधर 2’। रणवीर सिंह की इस फिल्म ने पेड प्रिव्यू से लेकर ओपनिंग डे तक जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसने ट्रेड पंडितों को भी चौंका दिया है। शुरुआती कमाई के साथ 100 करोड़ क्लब में एंट्री ने साफ संकेत दे दिया है कि फिल्म लंबी रेस का घोड़ा साबित हो सकती है। लेकिन इस तूफानी सफलता का सीधा असर अब अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म ‘भूत बंगला’ पर पड़ता दिख रहा है।
‘धुरंधर 2’ का दबदबा, लंबे समय तक कायम रहने के संकेत
ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि ‘धुरंधर 2’ सिर्फ ओपनिंग तक सीमित नहीं रहने वाली, बल्कि कम से कम 3 से 4 हफ्तों तक बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए रख सकती है।
फिल्म की एडवांस बुकिंग, हाई टिकट प्राइस और माउथ पब्लिसिटी इसे इवेंट फिल्म बना रही है। ऐसी फिल्म जिसे दर्शक मिस नहीं करना चाहते। राजस्थान के जाने-माने एग्जीबिटर राज बंसल का भी मानना है कि फिल्म की डिमांड इतनी ज्यादा है कि एक परिवार का पूरा एंटरटेनमेंट बजट इसी पर खर्च हो सकता है। ऐसे में दूसरी फिल्मों के लिए स्पेस बनना मुश्किल हो जाता है।
‘भूत बंगला’ पर खतरे के बादल
अक्षय की हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ फिलहाल 10 अप्रैल को रिलीज के लिए शेड्यूल है, लेकिन जिस तरह ‘धुरंधर 2’ का दबदबा बना हुआ है, उसे देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स रिलीज टालने की सलाह दे रहे हैं। कारण साफ है कि दर्शकों का ध्यान अभी पूरी तरह ‘धुरंधर 2’ पर केंद्रित है। हाई टिकट प्राइस के चलते लोग कम फिल्मों पर खर्च कर रहे हैं। स्क्रीन काउंट और शो टाइम्स पर भी असर पड़ सकता है। ट्रेड सर्कल में एक और बड़ी चिंता यह है कि ‘भूत बंगला’ की तुलना सीधे ‘धुरंधर 2’ से की जाएगी। हालांकि दोनों फिल्मों का जॉनर अलग है एक स्पाई एक्शन-ड्रामा और दूसरी हॉरर-कॉमेडी है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर क्लैश के दौरान कंटेंट से ज्यादा हाइप और मोमेंटम काम करता है।
अगर ‘भूत बंगला’ तय डेट पर रिलीज होती है, तो उसे कम ओपनिंग मिल सकती है। दर्शकों की सेकंड चॉइस बनना पड़ सकता है। शुरुआती वीकेंड कलेक्शन पर असर पड़ सकता है। अब सवाल यह है कि फिल्म के डायरेक्टर प्रियदर्शन और खुद अक्षय क्या फैसला लेते हैं। उनके सामने दो रास्ते हैं। रिलीज डेट टालना ताकि ‘धुरंधर 2’ का क्रेज कम होने के बाद बेहतर ओपनिंग मिल सके। रिस्क लेकर रिलीज करना, अगर कंटेंट पर भरोसा है, तो क्लैश के बावजूद ऑडियंस खींचने की कोशिश हो सकती है।
बॉक्स ऑफिस गेम का नया ट्रेंड
पिछले कुछ समय में यह ट्रेंड साफ दिखा है कि एक बड़ी इवेंट फिल्म कई हफ्तों तक सिनेमाघरों पर कब्जा बनाए रखती है। ऐसे में मिड या बिग बजट फिल्मों को अपनी रिलीज डेट बेहद सोच-समझकर तय करनी पड़ती है।
अब सबकी नजर फैसले पर
फिलहाल ‘भूत बंगला’ की रिलीज डेट में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन जिस तरह का माहौल बना है, उससे यह साफ है कि आने वाले दिनों में बड़ा फैसला लिया जा सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या अक्षय क्लैश का सामना करेंगे या फिर बॉक्स ऑफिस की इस आंधी से बचने के लिए अपनी रणनीति बदलेंगे।











