Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जल निगम की लापरवाही से रामाधामा में बढ़ी परेशानी, सड़कें बनी दलदल; ग्रामीण बोले- अब निकलना भी मुश्किल

रामाधामा में जल निगम मिशन के तहत चल रहे ‘हर घर जल’ योजना के कार्य ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। पाइप लाइन डालने के दौरान ठेकेदार पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

धामनोद। धार जिले की मनावर तहसील के ग्राम पंचायत रामाधामा में जल निगम मिशन के तहत चल रहे ‘हर घर जल’ योजना के कार्य ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। पाइप लाइन डालने के दौरान ठेकेदार पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि काम के दौरान नियमों की अनदेखी की गई, जिससे गांव की मुख्य सड़कें खराब हो गई हैं और लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।

प्रधानमंत्री सड़क योजना मार्ग खोदा, नहीं लगाए गए संकेतक

ग्राम रामाधामा से उठावद जाने वाले प्रधानमंत्री सड़क योजना मार्ग के किनारे पाइप लाइन डालने के लिए पेचवर्क वाली सड़क को खोद दिया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि खुदाई के बाद सड़क को खुला छोड़ दिया गया और किसी भी प्रकार के चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए। इस कारण वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। खासकर रात के समय हादसे की आशंका बढ़ गई है।

मुख्य सड़क पर फैली मिट्टी और कीचड़ से बढ़ी परेशानी

रामाधामा से कमलपुरा जाने वाली मुख्य सड़क को भी पाइप लाइन कार्य के लिए खोद दिया गया है। खुदाई के बाद सड़क पर खेत की मिट्टी डाल दी गई, जिससे बारिश के कारण पूरा मार्ग कीचड़ में बदल गया है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर कीचड़ इतना बढ़ गया है कि दोपहिया वाहन और ट्रैक्टर तक फंस रहे हैं। कई बार ग्रामीणों को मिलकर वाहनों को धक्का देकर बाहर निकालना पड़ रहा है।

किसानों और बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ा असर

ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण खेती के काम प्रभावित हो रहे हैं। किसान अपने खेतों तक आसानी से नहीं पहुंच पा रहे हैं। वहीं बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर गांव में किसी व्यक्ति की तबीयत खराब हो जाए और इमरजेंसी की स्थिति बने तो अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल हो जाएगा।

ग्रामीणों ने ठेकेदार पर लगाए मनमानी के आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार अपनी मर्जी से काम कर रहा है। कई जगह सड़क खोद दी गई, लेकिन उसकी मरम्मत नहीं की गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उनका कहना है कि विकास कार्य जरूरी है, लेकिन काम इस तरह होना चाहिए जिससे लोगों को परेशानी न हो।

सरपंच प्रतिनिधि बोले- विकास के नाम पर लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए

ग्राम पंचायत रामाधामा के प्रधान प्रतिनिधि गोपाल मुवेल ने कहा कि गांव में विकास कार्य होना अच्छी बात है, लेकिन कार्य के दौरान लोगों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग को खोद दिया गया है, गहरे गड्ढे हो गए हैं और पूरी सड़क पर कीचड़ फैल गया है। आरसीसी सड़क को भी नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि ग्राम पंचायत को भी इस काम की कोई जानकारी नहीं दी गई। जहां जरूरत समझी गई, वहां खुदाई कर दी गई। अगर इस वजह से कोई जनहानि होती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।

प्रधानमंत्री सड़क विभाग ने भी जताई नाराजगी

प्रधानमंत्री सड़क योजना के एसडीओ जेपी गौतम ने जल निगम विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कई बार जल निगम को समझाया गया है कि प्रधानमंत्री सड़क योजना की सड़कों को नहीं खोदा जाए, लेकिन इसके बावजूद सड़कें खोदी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि रामाधामा की मुख्य सड़क पर भी पेचवर्क खोद दिया गया है और सड़क पर मिट्टी का मलबा डाल दिया गया है। इसके अलावा कोई संकेत चिन्ह भी नहीं लगाए गए हैं, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में विभाग से दोबारा चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ठेकेदार का जवाब- काम करना जरूरी है

वहीं जल निगम के ठेकेदार खेमसिंह ने कहा कि योजना का काम पूरा करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि काम के दौरान ग्रामीणों को कुछ परेशानी हो सकती है, लेकिन कार्य को रोकना संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि मुरम डालने की व्यवस्था नहीं की जा सकती।

ग्रामीणों की मांग- जल्द हो सड़क की मरम्मत

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पाइप लाइन कार्य जल्द पूरा किया जाए और खोदी गई सड़कों की तुरंत मरम्मत कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों के साथ लोगों की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखना भी जरूरी है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

EDITED BY:- Garima Vishwakarma

Sunny Riporter
By Sunny Riporter

Latest Posts