ACB अधिकारी बनकर घर में घुसे, गोली मारने की दी धमकी,2.50 लाख का सामान लेकर फरार आरोपी गिरफ्तार

रायपुर/धमतरी: धमतरी में ACB अधिकारी बनकर घर में घुसने और गोली मारने की धमकी देकर लाखों रुपये का सामान ले जाने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने आरोपी हितेश सिंह को बैकुंठपुर से पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी समेत अन्य लोगों ने खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का बड़ा अधिकारी बताकर वारदात को अंजाम दिया था।
ACB अधिकारी बनकर घर में एंट्री, फिर धमकी
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी ने थाना सिविल लाइन रुद्री में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कुछ लोग खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का बड़ा अधिकारी बताते हुए घर में अनधिकृत रूप से घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने प्रार्थी को गोली मारने की धमकी दी और घर में रखे कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान को अपने साथ ले गए।
8 मोबाइल समेत 2.50 लाख का सामान ले गए
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने घर से लैपटॉप, वनप्लस पैड और 8 मोबाइल फोन अपने साथ ले गए। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। शिकायत मिलने के बाद थाना सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 335 और 309(4) बीएनएस भी जोड़ी गई।
दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामचंद देवांगन (40 वर्ष), निवासी जल विहार कॉलोनी, रुद्री और नागेंद्र पटेल (34 वर्ष), निवासी पटना, जिला कोरिया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को 29 नवंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार किया गया था।
ये भी पढ़ें: रायपुर में जूनियर डॉक्टरों ने 3 सूत्रीय मांगों को लेकर निकला कैंडल मार्च
बैकुंठपुर से पकड़ा गया फरार आरोपी
मामले में फरार चल रहे आरोपी हितेश सिंह, पिता गणेश बहादुर सिंह, निवासी ग्राम सलका बड़कापारा, थाना एवं जिला बैकुंठपुर, जिला कोरिया को पुलिस ने 22 सितंबर 2026 को बैकुंठपुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें: सड़क के बीच पुल पर बैठा तेंदुआ, देर रात कैमरे में कैद हुआ खौफनाक नजारा… VIDEO वायरल
SP भावना पांडेय के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई धमतरी एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। थाना प्रभारी सिविल लाइन रुद्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




















