हरदा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार रुपए का 2.45 किलो गांजा जब्त, विकास नगर का युवक गिरफ्तार

हरदा कोतवाली पुलिस ने उड़ा रेलवे ब्रिज सर्विस रोड से 29 वर्षीय युवक को 2 किलो 450 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। जब्त गांजे की कीमत करीब 50 हजार रुपए है।
हरदा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार रुपए का 2.45 किलो गांजा जब्त, विकास नगर का युवक गिरफ्तार
पुलिस हिरासत में आरोपी कुंदन

हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने ग्राम उड़ा रेलवे ब्रिज की सर्विस रोड के पास संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 2 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

रेलवे ब्रिज की सर्विस रोड पर मिला संदिग्ध युवक

थाना प्रभारी निरीक्षक रोशनलाल भारती ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरदा के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस की टीम कार्रवाई कर रही थी।

शनिवार को पुलिस टीम को ग्राम उड़ा रेलवे ब्रिज की सर्विस रोड के पास एक युवक प्लास्टिक की थैली लेकर संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद टीम ने युवक को रोककर थैली की तलाशी ली।

थैली से मिला 2 किलो 450 ग्राम गांजा

पुलिस की तलाशी में प्लास्टिक की थैली से 2 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजे को विधिवत जब्त कर मौके से युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान कुंदन पिता मानसिंह राजपूत (29 वर्ष), निवासी विकास नगर, हरदा के रूप में हुई है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी कुंदन राजपूत के खिलाफ कोतवाली थाना हरदा में अपराध क्रमांक 742/2026 दर्ज किया है। उसके विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। इस मामले में अपराध क्रमांक 390/2026 के तहत भारतीय दंड विधान की धाराओं 296, 323, 506, 427 और 34 में प्रकरण पंजीबद्ध है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक मानवेन्द्र भदौरिया, सहायक उप निरीक्षक भगवानदास यादव, प्रधान आरक्षक हरप्रसाद पटेल, प्रधान आरक्षक मनीष पाठरिया, आरक्षक प्रदीप मालवीय, आरक्षक रामनरेश और महिला आरक्षक वैशाली का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...

Latest Posts