Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सत्य निकेतन PG हादसे के बाद अवैध निर्माण पर सख्ती, 24 संपत्तियों पर कार्रवाई; 7 अवैध ढांचे सील

दिल्ली के सत्य निकेतन PG हादसे के बाद CM रेखा गुप्ता ने अवैध निर्माण और PG हॉस्टलों की जांच के निर्देश दिए। MCD ने 24 संपत्तियों पर कार्रवाई और 7 अवैध ढांचे सील किए।
सत्य निकेतन PG हादसे के बाद अवैध निर्माण पर सख्ती, 24 संपत्तियों पर कार्रवाई; 7 अवैध ढांचे सील
सत्य निकेतन PG हादसे के बाद अवैध निर्माण पर सख्ती

दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला PG इमारत गिरने से हुए दर्दनाक हादसे के बाद दिल्ली सरकार और नगर निगम ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली नगर निगम (MCD) को अवैध निर्माण और अवैध रूप से संचालित PG हॉस्टलों की जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहें और नियमों का उल्लंघन करने वाली संपत्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

हादसे के बाद आसपास की इमारतों पर भी कार्रवाई

सत्य निकेतन में PG इमारत गिरने के बाद MCD ने आसपास की कई इमारतों में भी कार्रवाई शुरू कर दी है। इनमें कुछ गर्ल्स PG भी शामिल हैं। सुरक्षा को देखते हुए कई छात्राओं ने अपने PG खाली कर दूसरी जगह शिफ्ट होना शुरू कर दिया है। मंगलवार तक MCD की ओर से 24 संपत्तियों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा चुकी थी जबकि 7 अवैध ढांचों को सील किया गया था। निगम की कार्रवाई का उद्देश्य ऐसे निर्माण और PG संचालन पर रोक लगाना है, जिनमें सुरक्षा मानकों और निर्माण नियमों का पालन नहीं किया गया है।

पांच मंजिला PG गिरने से गई थी 7 लोगों की जान

सत्य निकेतन में 6 सितंबर को पांच मंजिला PG इमारत अचानक गिर गई थी। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला आगे बढ़ा। जांच के दौरान पुलिस ने PG संचालन और इमारत से जुड़े लोगों की भूमिका की भी पड़ताल शुरू की।

ये भी पढ़ें: मंत्रालय के सामने धरना पड़ा भारी! कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा को भोपाल पुलिस ने उठाया, डिप्टी CM के इस्तीफे की मांग

PG संचालक सुधांशु गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने बुधवार को सुधांशु नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक वह हादसे वाली इमारत में 'हॉस्टल डेज' नाम से PG संचालित कर रहा था। उसका पार्टनर शुभम त्यागी फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार दोनों ने अगस्त 2025 में यह इमारत लीज पर ली थी। हादसे के बाद पुलिस PG संचालन से जुड़े दस्तावेजों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

इमारत मालिक समेत चार लोग पहले ही गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस इससे पहले इमारत के मालिक हरिराम बंसल, उनकी पत्नी उर्मिला, बेटे महेश और लेबर कॉन्ट्रैक्टर सनोज को गिरफ्तार कर चुकी है। सोमवार रात हरिराम बंसल, उनकी पत्नी उर्मिला और बेटे महेश को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया था। पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ निर्माण और PG संचालन से जुड़े नियमों के उल्लंघन की भी जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: आकृति चौधरी NSA केस: नोएडा DM मेधा रूपम की फटकार वाले फैसले पर SC जाएगी यूपी सरकार

अवैध PG और निर्माण पर प्रशासन की नजर

सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली में अवैध निर्माण और बिना जरूरी सुरक्षा मानकों के संचालित PG को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद MCD अब ऐसे PG हॉस्टलों और इमारतों की जांच कर रहा है, जहां निर्माण नियमों या सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की आशंका है। प्रशासन की कार्रवाई का फोकस खासतौर पर उन इमारतों पर है, जहां बड़ी संख्या में छात्र और छात्राएं रह रहे हैं। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी इमारत में लोगों की सुरक्षा से समझौता न हो।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts