लाल किले की सुरक्षा में चूक! डमी बम डिटेक्ट नहीं कर पाए पुलिसकर्मी, 7 निलंबित; स्वतंत्रता दिवस को लेकर किया था मॉक-ड्रिल

लाल किले की सुरक्षा में चूक! डमी बम डिटेक्ट नहीं कर पाए पुलिसकर्मी, 7 निलंबित; स्वतंत्रता दिवस को लेकर किया था मॉक-ड्रिल
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले की सुरक्षा में एक गंभीर चूक सामने आई है। दरअसल, 2 अगस्त को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के तहत एक मॉक ड्रिल की। इस दौरान टीम सादे कपड़ों में ‘डमी बम’ लेकर लाल किला परिसर में दाखिल हुई। लेकिन, वहां सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी इस नकली बम का पता नहीं लगा सके।

    इस गंभीर लापरवाही के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल समेत कुल 7 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

    मॉक ड्रिल में कैसे मिली चूक की खबर?

    स्पेशल सेल की टीम ने यह मॉक ड्रिल सुरक्षा जांच के मकसद से की थी। टीम लाल किले के भीतर दो लेयर के डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर पार कर अंदर तक पहुंच गई, लेकिन किसी पुलिसकर्मी ने बम की मौजूदगी नहीं पकड़ी। इसकी पूरी रिपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों के माध्यम से नॉर्थ जिले के डीसीपी राजा बांठिया को सौंपी गई, जिन्होंने फौरन कार्रवाई करते हुए सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।

    क्या है ‘डमी बम’ का मकसद?

    स्पेशल सेल और इंटेलिजेंस एजेंसियां स्वतंत्रता दिवस जैसे हाई सिक्योरिटी आयोजन से पहले सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए ‘डमी आतंकी’ और नकली बम के सहारे रियलिटी चेक करती हैं। इसका उद्देश्य यह जांचना है कि क्या कोई आतंकी या संदिग्ध व्यक्ति लाल किले जैसे संवेदनशील स्थल पर घुसकर कुछ नुकसान कर सकता है या नहीं। लेकिन इस बार का परिणाम चिंताजनक रहा।

    लाल किला बना 'नो फ्लाई जोन'

    दिल्ली पुलिस आयुक्त एसबीके सिंह ने 2 अगस्त से 16 अगस्त तक लाल किले को नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत इस दौरान ड्रोन, पैराग्लाइडर, माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट, हॉट एयर बैलून जैसे किसी भी उड़ने वाले उपकरण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

    स्निफर डॉग्स को भी दी जा रही खास ट्रेनिंग

    इस बार डॉग स्क्वॉड के 64 में से 58 कुत्तों को विस्फोटक पहचानने के लिए विशेष ट्रेनिंग दी गई है। अब ये कुत्ते बम मिलने पर भौंकने के बजाय पूंछ हिलाकर या अपने हैंडलर की ओर देखकर इशारा करेंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि कुछ बम तेज आवाज से एक्टिव हो सकते हैं।

    हिरासत में 5 बांग्लादेशी नागरिक 

    इसी बीच दिल्ली पुलिस ने लाल किला परिसर में जबरन घुसने की कोशिश कर रहे 5 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। इनकी उम्र 20-25 वर्ष के बीच है और ये दिल्ली में मजदूरी करते हैं। पुलिस को इनके पास से बांग्लादेशी दस्तावेज भी मिले हैं।

    फिलहाल इनसे पूछताछ जारी है। अब तक किसी टेरर लिंक की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इन्हें जल्द बांग्लादेश डिपोर्ट किए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

    पीएम मोदी 12वीं बार करेंगे राष्ट्र को संबोधित

    • इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को लगातार 12वीं बार लाल किले से देश को संबोधित करेंगे।
    • इस तरह वे पंडित नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद सबसे ज्यादा बार स्वतंत्रता दिवस पर भाषण देने वाले तीसरे पीएम बन जाएंगे।
    • उन्होंने इस बार MyGov और NaMo App के जरिए भाषण के लिए आम लोगों से विषयों पर सुझाव भी मांगे हैं।

    अब कितनी मजबूत होगी सुरक्षा?

    फिलहाल लाल किले की सुरक्षा दो लेयर की है, लेकिन 15 अगस्त तक इसे पांच लेयर तक बढ़ा दिया जाएगा। सुरक्षा में लगी सभी टीमें हाई अलर्ट पर हैं। संदिग्धों को पकड़ने और विस्फोटक डिवाइसेस की तलाश में जवान लगातार ट्रेन्ड किए जा रहे हैं।डीसीपी राजा बांठिया ने निर्देश दिए हैं कि हर जवान की जिम्मेदारी दोबारा तय की जाए, आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ाया जाए और हर छोटी चूक पर तुरंत कार्रवाई हो।

    ये भी पढ़ें: पहलगाम हमले के आतंकी पाकिस्तानी निकले, सुरक्षा एजेंसियों का दावा; पाकिस्तानी वोटर आईडी, बायोमेट्रिक और GPS डाटा ने खोला राज

     

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

    Latest Posts