नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कंझावला और द्वारका इलाके में छापेमारी कर नकली ब्रांडेड टूथपेस्ट बनाने और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों को दोबारा पैक कर बेचने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नकली सामान, मशीनें और पैकिंग सामग्री जब्त की है। इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि, बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके के महावीर विहार स्थित एक गोदाम में नकली ब्रांडेड टूथपेस्ट तैयार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की ईस्टर्न रेंज-1 टीम ने इंस्पेक्टर आशीष शर्मा के नेतृत्व में छापा मारा।
जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो गोदाम के अंदर छह मजदूर मशीनों की मदद से खाली ट्यूब में पेस्ट भरने और उन्हें सील करने का काम कर रहे थे। जांच में पता चला कि लोकल स्तर पर तैयार किया गया घटिया और अस्वच्छ पेस्ट ब्रांडेड सेंसोडाइन के नाम से पैक कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, यह पूरा काम बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जा रहा था, जिससे लोगों की सेहत को गंभीर खतरा हो सकता था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में नकली टूथपेस्ट और मशीनरी बरामद की। जब्त किए गए सामान में शामिल हैं-
पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक हरिओम मिश्रा (58) को गिरफ्तार किया है, जो रोहिणी सेक्टर-2 का रहने वाला है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने करीब सात महीने पहले यह गोदाम किराए पर लिया था और वहीं नकली टूथपेस्ट बनाने का काम शुरू किया था।
आरोपी बाजार से खाली ट्यूब और पैकिंग सामग्री मंगवाता था। इसके बाद लोकल स्तर पर तैयार किए गए सस्ते पेस्ट को ट्यूब में भरकर मशीन से सील किया जाता था और ब्रांडेड कंपनी के नाम से पैक कर बाजार में सप्लाई कर दिया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास न तो कोई लाइसेंस था और न ही ब्रांड मालिक की कोई अनुमति।

छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद छह मजदूरों को भी हिरासत में लिया गया। ये सभी मजदूर पेस्ट भरने, ट्यूब सील करने और पैकिंग करने का काम कर रहे थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे हरिओम मिश्रा के कहने पर यह काम कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि, नकली टूथपेस्ट दिल्ली और आसपास के किन बाजारों में सप्लाई किया जा रहा था।
क्राइम ब्रांच की इसी कार्रवाई के दौरान द्वारका इलाके में एक और बड़े रैकेट का खुलासा हुआ। यहां एक्सपायर्ड खाद्य और पेय पदार्थों को दोबारा पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 3,096 सॉफ्ट ड्रिंक के कैन और बड़ी मात्रा में बिस्कुट समेत अन्य खाद्य उत्पाद बरामद किए, जिनकी एक्सपायरी डेट और बैच नंबर के साथ छेड़छाड़ की गई थी। इस मामले में पुलिस ने कमल मुद्गिल (56), शिवम सिंह (27) और लोकेश कुमार (35) को गिरफ्तार किया है।
[featured type="Featured"]
जांच में सामने आया कि, आरोपी बाजार से एक्सपायर्ड या एक्सपायरी के करीब पहुंचे खाद्य उत्पाद खरीदते थे। इसके बाद थिनर की मदद से पैकेट पर लिखी निर्माण और एक्सपायरी की तारीख मिटा दी जाती थी। फिर प्रिंटिंग मशीन की मदद से नई नकली तारीखें और बैच नंबर छाप दिए जाते थे। इसके बाद इन उत्पादों को नए पैकिंग कार्टन में भरकर बाजार में सप्लाई कर दिया जाता था। इस तरह यह गिरोह लंबे समय से लोगों को धोखा देकर मुनाफा कमा रहा था।
छापेमारी के दौरान फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने जब्त किए गए उत्पादों के सैंपल लिए और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। जांच के बाद नकली बैच नंबर और बदली हुई एक्सपायरी डेट वाले उत्पादों को जब्त कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, इस तरह के नकली और एक्सपायर्ड उत्पाद सीधे लोगों की सेहत के लिए खतरनाक होते हैं। नकली टूथपेस्ट से दांतों और मसूड़ों को नुकसान हो सकता है, जबकि एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकते हैं। इसी कारण पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
दिल्ली पुलिस ने दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और कॉपीराइट एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि-
अधिकारियों के मुताबिक, इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
[breaking type="Breaking"]
इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सामान खरीदते समय पैकेजिंग और एक्सपायरी डेट जरूर जांचें। साथ ही केवल विश्वसनीय दुकानों से ही उत्पाद खरीदें।