दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे हादसा:रिवर्स लेते ही स्कॉर्पियो ने मारी जोरदार टक्कर, 4 लोगों की मौत का CCTV वीडियो आया सामने

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में स्थित रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के हलगोया कट के पास दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हुआ दर्दनाक सड़क हादसा अब सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद फिर से चर्चा में है। यह हादसा दो दिन पहले हुआ था जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
रिवर्स लेते ही हुआ भीषण हादसा
वायरल CCTV वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक कार कट मिस करने के बाद हाईवे पर अचानक रिवर्स ले रही थी। उसी समय पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कई मीटर तक घिसटती चली गई और पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं स्कॉर्पियो भी टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हरिद्वार जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक मृतक परिवार हरियाणा के बहादुरगढ़ का रहने वाला था। यह पूरा परिवार हरिद्वार में गंगा स्नान और दर्शन के लिए जा रहा था। तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। कार में सवार लोग गलती से हलगोया कट नहीं ले पाए और आगे निकल गए थे। इसके बाद चालक ने वाहन को हाईवे पर ही रिवर्स लेना शुरू कर दिया जो इस हादसे की बड़ी वजह बन गया।
मृतकों और घायलों की जानकारी
इस हादसे में 40 वर्षीय प्रवीन, उनकी 37 वर्षीय पत्नी प्रीति, बुजुर्ग मां सुदेश और 9 वर्षीय बच्चा शिवांश की मौत हो गई। ये सभी लोग मौके पर ही दम तोड़ चुके थे। इसके अलावा परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें: सऊदी अरब में बड़ा हादसा : अरामको का हेलिकॉप्टर हुआ क्रैश, 14 लोगों की मौत; हादसे की वजह तलाशने में जुटीं एजेंसियां
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया था। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जिला प्रशासन की ओर से वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: कटनी में बिटकॉइन निवेश के नाम पर 1.09 लाख की साइबर ठगी, 30% मुनाफे का झांसा देकर खाते से उड़ाए रुपए
CCTV वीडियो से जांच में नया मोड़
अब सामने आए CCTV फुटेज को पुलिस ने जांच में अहम सबूत के रूप में शामिल कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर यह स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और किसकी गलती से यह भीषण दुर्घटना हुई।












