मेरे प्राण चले जाएं तो गम मत करना... केजरीवाल बोले- 2 जून को मुझे सरेंडर करना है, जारी किया VIDEO मैसेज

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सरेंडर करने से पहले वीडियो मैसेज जारी किया है। उन्होंने शुक्रवार (31 मई) को वीडियो जारी कर केंद्र सरकार और जेल अधिकारियों पर खुद को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि, मैं देश को तानाशाही से बचाने के लिए जेल जा रहा हूं। मुझे इस बात पर गर्व है। मैं परसों 3 बजे सरेंडर करूंगा। इस बार मेरे प्राण चले जाएं तो गम मत करना। बता दें कि, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की 21 दिन की जमानत कल खत्म हो रही है।
मैं देश को तानाशाही से बचाने के लिए जेल जा रहा हूं : CM
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, हम सब मिलकर तानाशाही के खिलाफ जंग लड़ रहे हैं। देश बचाने की लड़ाई में अगर मुझे कुछ हो जाए तो आप लोग गम मत करना। मैंने पूरे दिल्ली को अपना परिवार मानकर ख्याल रखा और सेवा की है। अब आप लोग मेरे बूढ़े और बीमार माता-पिता का ख्याल रखियेगा। मैं देश को तानाशाही से बचाने के लिए जेल जा रहा हूं और इस बात का मुझे गर्व है। मैं 2 जून को जेल चला जाऊंगा। इस बार पता नहीं ये लोग मुझे कब तक जेल में रखेंगे, लेकिन मेरे हौसले बुलंद हैं। जेल में मुझे आपकी बहुत चिंता होती है। आप लोग अपना ख्याल रखना। आप खुश रहेंगे तो आपका केजरीवाल खुश रहेगा। मैं भले आपके बीच नहीं रहूंगा लेकिन आपकी फ्री बिजली, मोहल्ला क्लीनिक, अस्पताल और फ्री दवा-इलाज नहीं रुकने दूंगा। मैं वापस आकर अपनी माताओं-बहनों को हर महीने 1000 रुपए देने की भी शुरुआत करूंगा।- मैं बेशक आपके बीच में नहीं रहूंगा, मैं जेल में रहूंगा लेकिन दिल्ली का एक भी काम नहीं रुकने दूंगा।
- मैं देश को तानाशाही से बचाने के लिए जेल जा रहा हूं। मुझे इस बात पर गर्व है।
- मैं चाहे जहां रहूं, दिल्लीवालों के काम नहीं रुकने दूंगा।
सात दिनों की अंतरिम जमानत बढ़ाने की अर्जी खारिज
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट से झटका लगने के बाद 30 मई को राउज एवेन्यू कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। केजरीवाल ने जमानत याचिका दाखिल की। इससे पहले दिल्ली सीएम ने सात दिनों की अंतरिम जमानत बढ़ाने की अर्जी दाखिल की थी। जिसे सुप्रीम कोर्ट ने CJI के पास भेज दिया है। बता दें कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली शराब घोटाला मामले में आरोपी हैं और मार्च से तिहाड़ जेल में बंद थे। पिछले दिनों उन्हें लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रचार करने के लिए सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिली थी। केजरीवाल ने कोर्ट में लगाई याचिका में दावा किया था कि, गिरफ्तारी के बाद उनका 7 किलो वजन घटा है। इतना ही नहीं उनका कीटोन लेवल भी बढ़ा है, ऐसे में ये लक्षण किसी गंभीर के हो सकते हैं। अभी PET-CT स्कैन और कई टेस्ट करवाने की जरूरत है। ऐसे में इन जांचों को कराने के लिए सीएम केजरीवाल ने 7 दिन की मांग की है।केजरीवाल को 1 जून तक अंतरिम जमानत मिली
दिल्ली शराब नीति मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। शुक्रवार (10 मई) को देश की सर्वोच्च अदालत ने केजरीवाल को 1 जून तक के लिए अंतरिम जमानत दी है। केजरीवाल दिल्ली शराब नीति मामले में 40 दिन से तिहाड़ जेल में बंद हैं। आज शाम तक वह चुनाव प्रचार करने के लिए बाहर आ सकेंगे, इस पर कोई रोक नहीं होगी। वह लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी पार्टी के लिए कैंपेनिंग कर सकते हैं। कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए कहा कि केजरीवाल को दो जून को सरेंडर करना पड़ेगा। केजरीवाल के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने दिल्ली सीएम की गिरफ्तारी के खिलाफ याचिका पर जुलाई में सुनवाई की मांग की। सुप्रीम कोर्ट ने इसे लेकर कहा कि केजरीवाल की इस याचिका पर बहस भी अगले हफ्ते खत्म करने की कोशिश करेंगे।21 मार्च को गिरफ्तार हुए थे केजरीवाल
ईडी ने लगभग दो घंटे की पूछताछ के बाद अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को उनके आधिकारिक आवास से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें शुक्रवार (22 मार्च) को राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया और पूछताछ के लिए 10 दिनों की रिमांड मांगी, लेकिन कोर्ट ने छह दिन की रिमांड दी। 28 मार्च को केजरीवाल की रिमांड अवधि खत्म हुई, जो बाद में 1 अप्रैल तक बढ़ा दी गई। कोर्ट ने केजरीवाल को 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक के लिए ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा था। जिसके बाद फिर से राउज एवेन्यू कोर्ट ने केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 23 अप्रैल तक बढ़ा दी। केजरीवाल को तिहाड़ जेल में 2 नंबर बैरक में रखा गया है।











