PlayBreaking News

दमोह में 7 साल के छात्र की मौत पर हंगामा:शिक्षिका पर बेरहमी से पिटाई का आरोप, दो महीने कोमा में रहने के बाद गई जान

दमोह में 7 वर्षीय छात्र की दो महीने तक कोमा में रहने के बाद मौत हो गई है। परिजनों ने स्कूल की शिक्षिका पर छात्र को बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है।
Follow on Google News
शिक्षिका पर बेरहमी से पिटाई का आरोप, दो महीने कोमा में रहने के बाद गई जान

मध्यप्रदेश के दमोह जिले में एक निजी स्कूल के 7 वर्षीय छात्र की मौत के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। परिजनों ने स्कूल शिक्षिका पर गंभीर मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। परिवार का आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर शिक्षिका ने बच्चे को इतनी बुरी तरह पीटा कि वह दो महीने तक कोमा में रहा और आखिरकार इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

भोपाल में इलाज के दौरान हुई मौत

मृत छात्र की पहचान तेंदूखेड़ा निवासी काव्य नामदेव के रूप में हुई है। वह आईईएस पब्लिक स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता था। परिजनों के मुताबिक 19 फरवरी को स्कूल की शिक्षिका देवींद्री ठाकुर ने होमवर्क नहीं करने पर काव्य के हाथ, पैर और सिर पर स्केल से मारपीट की थी। इसके बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे तेज बुखार आया और उसने खाना-पीना बंद कर दिया।

तेंदूखेड़ा से भोपाल तक चला इलाज

परिजन पहले बच्चे को तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल के चिरायु अस्पताल रेफर किया गया। परिवार का दावा है कि एमआरआई रिपोर्ट में सिर में सूजन सामने आई थी। इसके बाद काव्य का इलाज जबलपुर के अपोलो अस्पताल और फिर भोपाल एम्स में चला। करीब दो महीने तक इलाज के बाद शुक्रवार शाम उसकी मौत हो गई।

शव लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे परिजन

शनिवार सुबह परिजन बच्चे का शव लेकर दमोह एसपी कार्यालय पहुंचे। मृतक के मामा हेमंत नामदेव ने आरोप लगाया कि घटना के समय तेंदूखेड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी लेकिन उनकी शिकायत के अनुसार केस दर्ज नहीं किया गया। 

/img/116/1778937957811

उनका कहना है कि आरोपियों के नाम हटाए गए थे और शिकायत के बावजूद प्रशासन ने गंभीरता से जांच नहीं की।

टीचर ने कहा- मारेंगे नहीं तो बच्चा पढ़ेगा कैसे

काव्य की मौसी प्रीति नामदेव ने बताया कि शिकायत लेकर जब परिवार स्कूल पहुंचा तो शिक्षिका ने कहा था कि अगर बच्चे को मारेंगे नहीं तो वह पढ़ेगा कैसे? परिजनों का आरोप है कि पिटाई के बाद से ही काव्य की हालत लगातार बिगड़ती चली गई।

ये भी पढ़ें: गर्भवती के प्राइवेट पार्ट में डाला लोहे का औजार… शरीर पर मिले 16 घाव, हैवान पति की करतूत से मां-गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत

पोस्टमॉर्टम के बाद थाने के सामने प्रदर्शन

पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव लेकर तेंदूखेड़ा पहुंचे और पुलिस थाने के सामने एंबुलेंस खड़ी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान दमोह-जबलपुर मार्ग पर जाम लग गया। हालात संभालने के लिए आसपास के पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

SIT गठित, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि शव का पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है। तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी रवींद्र बागरी ने कहा कि घटना के समय शिक्षिका के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया गया था। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की धाराएं बढ़ाई जाएंगी।

ये भी पढ़ें: भोपाल मेट्रो के दूसरे फेज पर विवाद: संत रविदास मंदिर और 40 से ज्यादा घर-दुकानों पर अधिग्रहण का खतरा

शिक्षिका को नौकरी से हटाया

स्कूल संचालक विक्रम सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद शिक्षिका को तत्काल नौकरी से हटा दिया गया था। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन ने बच्चे के इलाज में आर्थिक मदद भी की और निष्पक्ष जांच का समर्थन करता है।

Sumit Shrivastava
By Sumit Shrivastava

मास कम्युनिकेशन में Ph.D और M.Phil पूर्ण की है तथा टीवी और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts