5 लाख से सीधे 25 लाख! CM विजय का हेल्थ इंश्योरेंस पर बड़ा ऐलान, विधायकों को सरकारी गाड़ी और 3.16 लाख दूध उत्पादकों को फायदा

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को विधानसभा में आम लोगों, विधायकों और दूध उत्पादकों से जुड़े कई बड़े फैसलों की जानकारी दी। सरकार ने मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना में इलाज की सालाना सीमा को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का फैसला किया है। इसके अलावा सभी विधायकों को अपने क्षेत्रों में काम करने के लिए सरकारी वाहन और मासिक भत्ता देने की घोषणा की गई। दूध उत्पादकों को भी राहत देते हुए आविन के जरिए दूध खरीदने की कीमत 38 रुपये से बढ़ाकर 41 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
इलाज के लिए अब 25 लाख रुपये
सरकार का सबसे अहम फैसला स्वास्थ्य बीमा योजना को लेकर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत अब एक साल में 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिलेगा। पहले यह सीमा 5 लाख रुपये थी। यानी बीमा कवर में पांच गुना बढ़ोतरी की गई है। सरकार का कहना है कि इससे गंभीर बीमारी के इलाज के दौरान परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा।
ये भी पढ़ें: ChatGPT for Teens: अब टीनएजर्स के लिए AI में सुरक्षा की नई दीवार, पैरेंट्स को भी मिलेंगे कंट्रोल
ट्रांसजेंडर लोगों को भी मिलेंगी अतिरिक्त सुविधाएं
स्वास्थ्य योजना के दायरे में ट्रांसजेंडर लोगों के लिए कुछ अतिरिक्त मेडिकल और सर्जिकल सेवाओं को भी शामिल किया जाएगा। ये सुविधाएं राज्य के कई सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध कराने की योजना है। सरकार का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को बेहतर बनाना उसकी प्राथमिकता है और जरूरतमंद लोगों को इलाज के लिए आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए योजना को मजबूत किया जा रहा है।
दूध उत्पादकों को 41 रुपये प्रति लीटर मिलेंगे
सरकार ने दूध किसानों के लिए भी बड़ा फैसला लिया है। आविन अब दूध उत्पादकों से 38 रुपये की जगह 41 रुपये प्रति लीटर की दर से दूध खरीदेगा। इसमें सरकारी प्रोत्साहन राशि भी शामिल है। इस फैसले से राज्य के करीब 3.16 लाख दूध उत्पादकों को फायदा मिलने की उम्मीद है। सरकार के अनुसार, खरीद मूल्य बढ़ाने से हर महीने करीब 30 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा।
मेडिकल और नर्सिंग की हजारों सीटें बढ़ेंगी
तमिलनाडु में मेडिकल शिक्षा को मजबूत करने के लिए सरकार ने 351 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। इसके तहत मेडिकल, नर्सिंग और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में 6 हजार से ज्यादा नई सीटें बढ़ाने की योजना है। इसके अलावा राज्य में सात नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज खोलने की बात भी कही गई है। इससे मेडिकल क्षेत्र में पढ़ाई के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
पेरम्बलूर में बनेगा 400 बेड का अस्पताल
स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने के लिए पेरम्बलूर में 300 करोड़ रुपये की लागत से 400 बेड का मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने का ऐलान किया गया है। अस्पताल में अलग अलग गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। सरकार का दावा है कि इससे आसपास के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।
ये भी पढ़ें: ठंडा समोसा बना विवाद की वजह! वकील की शिकायत पर कोर्ट पहुंचा मामला, दुकानदार समेत 5 पर FIR
विधायकों को सरकारी वाहन देने का फैसला
मुख्यमंत्री ने विधायकों के लिए भी बड़ा ऐलान किया। सभी विधायकों को सरकारी वाहन और मासिक भत्ता देने की बात कही गई है। सरकार के अनुसार, इसका मकसद विधायकों को अपने विधानसभा क्षेत्रों में लोगों की शिकायतें सुनने, सरकारी योजनाओं की निगरानी करने और विकास कार्यों की जानकारी लेने में आसानी देना है।











