सिवनी को सीएम डॉ. मोहन यादव ने दी 494 करोड़ की सौगात:धान महोत्सव में हुए शामिल, किसानों के खातों में पहुंची प्रोत्साहन राशि

सिवनी। कार्यक्रम के दौरान 349.33 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और 144.83 करोड़ रुपये के नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया। 3,941 किसानों के खातों में 2.82 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर की गई। मुख्यमंत्री ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और श्रीअन्न उत्पादन बढ़ाने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम में प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जहां बड़ी संख्या में किसान और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
629 विकास कार्यों से बदलेगी जिले की तस्वीर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी जिले के लिए 494.16 करोड़ रुपये की लागत वाले 629 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 349.33 करोड़ रुपये की लागत से पूरे हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 144.83 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, खेल सुविधाएं, छात्रावास, आंगनबाड़ी भवन, नल-जल योजनाएं और जनजातीय क्षेत्रों के विकास से जुड़े अनेक कार्य शामिल हैं।
3,941 किसानों के खातों में पहुंची प्रोत्साहन राशि
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 3,941 कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों के बैंक खातों में 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। यह राशि प्रति क्विंटल 1,000 रुपये की दर से दी गई। सरकार का उद्देश्य किसानों को मोटे अनाज की खेती के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी आय में वृद्धि करना है। इस पहल को श्रीअन्न उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
श्रीअन्न बनेगा किसानों की समृद्धि का आधार-सीएम
किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कृषि मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि के बिना विकसित मध्यप्रदेश का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोदो-कुटकी जैसे श्रीअन्न केवल पोषण का स्रोत नहीं हैं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने का भी प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। उन्होंने किसानों से परंपरागत फसलों के साथ मोटे अनाज के उत्पादन को अपनाने की अपील की।
ये भी पढ़ें: बेल्जियम के एंटवर्प में 10 मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग : 5 लोगों की मौत, कई घायल; 200 लोगों से भरी थी बिल्डिंग
आधुनिक खेती, जल संरक्षण और प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र
मुख्यमंत्री ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। धान महोत्सव के दौरान कृषि, प्राकृतिक खेती, मिलेट्स, स्व-सहायता समूहों के उत्पाद और सरकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। यहां बनाए गए विशेष सेल्फी प्वाइंट ने बड़ी संख्या में लोगों का ध्यान आकर्षित किया।












