असम : भारत जोड़ो न्याय यात्रा में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, CM हिमंत बोले- राहुल गांधी पर होगी FIR

गुवाहाटी। कांग्रेस नेता एवं सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली जा रही है। न्याय यात्रा मंगलवार को गुवाहाटी पहुंची, जिसे असम पुलिस ने रोक दिया। राहुल अपने काफिले के साथ गुवाहाटी शहर के बीच से जाना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने इसकी इजाजत नहीं दी। पुलिस ने गुवाहाटी सिटी जाने वाली सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए और बैरिकेडिंग तोड़ दी।
इस पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्व शर्मा ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने राज्य पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह को बैरिकेडिंग तोड़ने के लिए भीड़ को उकसाने को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है।
[embed]https://twitter.com/psamachar1/status/1749721316024852665[/embed]
सीएम ने दिए राहुल गांधी पर केस दर्ज करने के निर्देश
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी के एक पोस्ट के जवाब में मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, ''मैंने असम पुलिस के महानिदेशक को भीड़ को उकसाने के लिए आपके नेता राहुल गांधी के खिलाफ का मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है।'' शर्मा ने कहा कि जिस वीडियो को श्रीनिवास ने अपने अकाउंट पर पोस्ट किया है उसे साक्ष्य के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, ''यह असम की संस्कृति का हिस्सा नहीं है। हम एक शांतिपूर्ण राज्य हैं। इस तरह के नक्सलवादी हथकंडे हमारी संस्कृति से बिल्कुल विपरीत हैं।'' शर्मा ने कहा, ''आपके गैर जिम्मेदाराना आचरण और दिशा-निर्देशों के उल्लंघन की वजह से अब गुवाहाटी की सड़कों पर भारी जाम लग गया।''
[embed]https://twitter.com/psamachar1/status/1749721316024852665[/embed]
छात्रों से बातचीत करने से रोका : राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री के निर्देश पर ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान मेघालय में एक निजी विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ बातचीत करने से रोका गया। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने असम के मुख्यमंत्री कार्यालय के जरिए विश्वविद्यालय प्राधिकारियों को यह निर्देश दिया। राहुल ने असम-मेघालय सीमा पर अपनी यात्रा के दौरान एक बस से छात्रों और अन्य लोगों को संबोधित करते हुए कहा, मैं आपके विश्वविद्यालय में आना चाहता था और आपको संबोधित करना, आपको सुनना चाहता था। लेकिन भारत के गृह मंत्री ने असम के मुख्यमंत्री को फोन किया और मुख्यमंत्री कार्यालय ने विश्वविद्यालय नेतृत्व को फोन किया और कहा कि राहुल गांधी को छात्रों से बातचीत करने न दी जाए। राहुल का मंगलवार की सुबह असम की सीमा से लगते मेघालय के री भोई जिले में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, मेघालय में छात्रों, नागरिक समाज के सदस्यों और पार्टी नेताओं से अलग अलग बातचीत करने का कार्यक्रम था। कांग्रेस ने सोमवार दोपहर को निजी विश्वविद्यालय में इन कार्यक्रमों की घोषणा की लेकिन बाद में उन्हें एक होटल में आयोजित करने की जानकारी दी क्योंकि विश्वविद्यालय ने कार्यक्रमों के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया।जानें कहां कितने दिन रहेगी यात्रा-
- मणिपुर – 1 दिन
- नागालैंड – 2 दिन, 257 KM और 5 जिलों को कवर करेगी यात्रा।
- असम – 8 दिन, 833 KM और 17 जिलों को कवर करेगी यात्रा।
- अरुणाचल प्रदेश – 1 दिन
- मेघालय – 1 दिन
- पश्चिम बंगाल – 5 दिन, 523 KM और सात जिलों को कवर करेगी यात्रा।
- बिहार – 4 दिन, 425 किमी और 7 जिलों को कवर करेगी यात्रा।
- झारखंड – 8 दिन 804 KM और 13 जिलों को कवर करेगी।
- ओडिशा – 4 दिन, 341 KM और चार जिलों को कवर करेगी
- छत्तीसगढ़ – 5 दिन, 536 KM और सात जिलों को कवर करेगी।
- उत्तर प्रदेश – 11 दिन, 20 जिलों को कवर करेगी।
- मध्य प्रदेश – 7 दिन, 698 KM और 9 जिलों को कवर करेगी।
- राजस्थान – 1 दिन, 2 जिलों जाएगी।
- गुजरात – 5 दिन
- महाराष्ट्र – 5 दिन तक चलेगी, जो क्रमशः 445 किमी और 479 किमी की दूरी तय करेगी। इसका समापन 20 या 21 मार्च को मुंबई में होगा।











