CJP का 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर प्रदर्शन, सौरव दास ने दिल्ली पुलिस को दी औपचारिक सूचना

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस को औपचारिक सूचना दे दी है। पार्टी के सह-संयोजक और प्रवक्ता सौरव दास ने बुधवार को बताया कि उन्होंने संसद मार्ग थाना पहुंचकर प्रदर्शन से संबंधित पत्र पुलिस को सौंपा है। CJP यह प्रदर्शन चुनाव और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित करने की तैयारी में है और पार्टी लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। सौरव दास के मुताबिक पत्र के जरिए दिल्ली पुलिस को बताया गया है कि CJP के साथ देशभर के युवा 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर जुटेंगे। उन्होंने पुलिस से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने के साथ प्रदर्शन के दौरान जरूरी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध भी किया है।
पुलिस को दी गई लिखित सूचना
सौरव दास ने बताया कि उन्होंने पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाकर औपचारिक पत्र जमा किया और पुलिस से उसकी रिसीविंग भी प्राप्त की। उनके अनुसार, पुलिस की ओर से एक अंडरटेकिंग भी ली गई है और प्रदर्शन से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली पुलिस प्रदर्शन के दौरान सहयोग करेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था करेगी।
चुनाव और वोटर लिस्ट को लेकर प्रदर्शन का दावा
CJP का कहना है कि 10 अक्टूबर का प्रदर्शन चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर किया जाएगा। संगठन इन मुद्दों को युवाओं के मतदान अधिकार से जोड़ते हुए विरोध दर्ज कराने की बात कह रहा है। पार्टी का दावा है कि देश के युवा वोटर लिस्ट और चुनाव से जुड़े कथित गड़बड़ियों को लेकर चिंतित हैं। वहीं चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया को लेकर भी अलग-अलग राजनीतिक और सामाजिक समूह सवाल उठाते रहे हैं। CJP ने इसी पृष्ठभूमि में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को अपने आंदोलन का प्रमुख मुद्दा बनाया है।
ये भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार से मुलाकात पर चुनाव आयोग का रुख साफ, कहा- प्रक्रिया के तहत किसी भी दल से मिलने को तैयार
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
CJP संस्थापक अभिजीत दीपके पहले ही कह चुके हैं कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो 10 अक्टूबर को दिल्ली में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। अब सौरव दास ने पुलिस को औपचारिक सूचना देने की जानकारी दी है। CJP की ओर से 10 अक्टूबर के प्रदर्शन में देशभर के युवाओं से शामिल होने की अपील की गई है। पार्टी इसे व्यापक युवा आंदोलन के रूप में पेश कर रही है।
पहले भी प्रदर्शन कर चुकी है CJP
CJP ने इससे पहले भी चुनाव प्रक्रिया और SIR को लेकर विरोध प्रदर्शन किए हैं। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर दिल्ली और मुंबई समेत कई जगहों पर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन हुए थे। 10 अक्टूबर के जंतर-मंतर प्रदर्शन को CJP ने इसी अभियान की अगली कड़ी के रूप में रखा है।
प्रदर्शन से पहले पुलिस व्यवस्था पर नजर
CJP के मुताबिक प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस को पहले ही जानकारी देने का उद्देश्य कानून-व्यवस्था, यातायात और प्रदर्शन स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर समन्वय स्थापित करना है। सौरव दास ने कहा है कि पार्टी ने अपनी ओर से जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर दी हैं।




















