छिंदवाड़ा: 6 महीने पहले चोरी हुई बुलेट राजस्थान में मिली, जालौर से बरामद

छिंदवाड़ा। 21 मार्च को रविकांत अहिरवार के घर से चोरी हुई बुलेट को पुलिस ने राजस्थान के थाना झाब क्षेत्र में लावारिस हालत में बरामद किया। सबसे खास बात यह रही कि जिस जगह से बुलेट मिली, वह पाकिस्तान बॉर्डर से करीब 60 से 70 किलोमीटर दूर है।
21 मार्च को घर से चोरी हुई थी बुलेट
कोतवाली थाना इलाके के चंदनगांव भरतादेव रोड निवासी रविकांत अहिरवार के घर से 21 मार्च को अज्ञात चोरों ने बुलेट क्रमांक MP 28 MZ 2336 चोरी कर ली थी। चोरी के बाद परिवार ने इसकी जानकारी पुलिस को दी और बुलेट की तलाश शुरू की गई।
ये भी पढ़ें: सीहोर: SIR पर कांग्रेस के आरोप पर भाजपा का पलटवार, चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण का दिया हवाला
छह महीने बाद राजस्थान पुलिस का आया फोन
करीब छह महीने बाद 12 अगस्त को अचानक अहिरवार परिवार के पास राजस्थान पुलिस का फोन आया। जिला जालौर के थाना झाब पुलिस ने बताया कि एक बुलेट लावारिस हालत में मिली है, जिस पर गुजरात का नंबर लगा हुआ था।
चेसिस नंबर से खुला बुलेट का राज
राजस्थान पुलिस ने लावारिस मिली बुलेट का चेसिस नंबर चेक किया तो पता चला कि यह वाहन मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में विक्रांत अहिरवार के नाम पर पंजीकृत है। रिकॉर्ड में मिले मोबाइल नंबर के जरिए पुलिस ने परिवार से संपर्क किया और वाहन की जानकारी व पहचान की पुष्टि की।
छिंदवाड़ा से 1100 किमी दूर मिली बुलेट
पहचान की पुष्टि होने के बाद सामने आया कि राजस्थान में मिली बुलेट वही है, जो छह महीने पहले छिंदवाड़ा से चोरी हुई थी। चोरी के बाद बुलेट करीब 1100 किलोमीटर दूर राजस्थान के जालौर जिले तक पहुंच गई थी। जिस जगह से गाड़ी बरामद हुई, वह पाकिस्तान बॉर्डर से भी करीब 60 से 70 किलोमीटर की दूरी पर है।
ये भी पढ़ें: पंचायत उपचुनाव-रायसेन जिला पंचायत वार्ड-03 में 41.85% और कन्हवार ग्राम पंचायत में 82.76% वोटिंग
पुलिस ने परिवार को वापस सौंपी बुलेट
काफी मशक्कत के बाद राजस्थान और कोतवाली पुलिस ने बुलेट को बरामद कर परिवार को सौंप दिया। अपनी बुलेट वापस मिलने पर अहिरवार परिवार काफी खुश है और उन्होंने पुलिस का धन्यवाद किया है।




















