छिंदवाड़ा में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत, पुलिसकर्मियों ने किया रक्तदान

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से प्रदेशव्यापी सेवा संकल्प अभियान 2026 की शुरुआत 17 सितंबर से हुई है। यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य अलग-अलग विभागों की सेवा गतिविधियों को एक साथ जोड़कर आम लोगों तक पहुंचाना है। इसी के तहत 17 सितंबर को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, छिंदवाड़ा में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इसमें छिंदवाड़ा पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया रक्तदान
रक्तदान शिविर में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी, रक्षित निरीक्षक हर्ष यादव, निरीक्षक सत्येंद्र बघेल, सउनि. केशव इंगले सहित कई पुलिसकर्मियों ने रक्तदान किया। प्रधान आरक्षक नरेश पाल, आरक्षक मंगेश मेश्राम, ओम नरेश बघेल, परमेश्वर टेमरे, पारस उइके, ओम प्रकाश बिदंबारी, कार्तिक, शुभम उइके सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारियों ने भी शिविर में हिस्सा लिया।
पुलिस ने दिया सेवा और मानवता का संदेश
पुलिसकर्मियों ने रक्तदान के जरिए यह संदेश दिया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय समाज के साथ खड़ा होना भी उसका दायित्व है। पुलिसकर्मियों ने कहा कि रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में मदद कर सकती है। इसी भावना के साथ उन्होंने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
आम लोगों से भी अभियान से जुड़ने की अपील
इस मौके पर चिकित्सा विशेषज्ञों ने रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी दी। वहीं पुलिस अधीक्षक, जिला छिंदवाड़ा ने कहा कि पुलिस समाज के सुख-दुख में सहभागी बनने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना की और आम नागरिकों से भी सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने की अपील की।
17 अक्टूबर तक होंगे कई कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत 13 राष्ट्रीय गतिविधियों और 25 सेवा गतिविधियों का आयोजन प्रस्तावित है। छिंदवाड़ा पुलिस की ओर से अभियान के दौरान स्वच्छता, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर और जनजागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




















