छिंदवाड़ा में विकास के दावों के बीच नदी पार करने को मजबूर ग्रामीण, पीन्हावाड़ी में पुलिया और सड़क की मांग
जिले के दमुआ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पीन्हावाड़ी में बुनियादी सुविधाओं की कमी ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। गांव में पुलिया और पक्की सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रोजाना नदी पार करके आवागमन करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है और ग्रामीणों की जान पर जोखिम बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी पर पुलिया नहीं होने और सड़क की सुविधा न मिलने से गांव का संपर्क कई बार प्रभावित हो जाता है। बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर लोगों के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।
मरीजों और गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी
ग्रामीणों द्वारा जारी पोस्टर में बताया गया है कि सड़क और पुलिया के अभाव में बीमार लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल होता है। सबसे गंभीर स्थिति तब बनती है जब किसी महिला को प्रसव पीड़ा हो। ग्रामीणों के अनुसार, ऐसी स्थिति में एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती और गर्भवती महिलाओं को परेशानी के बीच अस्पताल ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश होने पर भी गांव का संपर्क प्रभावित हो जाता है। इससे रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
ये भी पढ़ें: ग्वारखेड़ा में वन भूमि के कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष, दो गुट भिड़े; घर पर पथराव, 3 गिरफ्तार
राशन, दवा से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित
पीन्हावाड़ी में सड़क और पुलिया की समस्या का असर सिर्फ आवागमन तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के दिनों में राशन और दवाइयां लाने में परेशानी होती है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है क्योंकि खराब रास्ते और नदी के बढ़े हुए जलस्तर के कारण उनका आना-जाना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ये भी पढ़ें: बस किराए में 75% बढ़ोतरी पर NSUI का हल्लाबोल; कलेक्टर को ज्ञापन राहत, नहीं मिली तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों की एक ही मांग- बने पुलिया और पक्की सड़क
ग्रामीणों की मांग है कि पीन्हावाड़ी में नदी पर जल्द से जल्द पुलिया का निर्माण कराया जाए और गांव को पक्की सड़क से जोड़ा जाए। उनका कहना है कि स्थायी सड़क और पुलिया बनने से गांव का संपर्क बेहतर होगा और मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों तथा रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल इस समस्या का संज्ञान लेने की मांग की है। उनका कहना है कि बरसात के दौरान नदी पार करना बेहद जोखिम भरा हो जाता है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रह सकती है।














