🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

ग्वारखेड़ा में वन भूमि के कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष, दो गुट भिड़े; घर पर पथराव, 3 गिरफ्तार

गुना के ग्वारखेड़ा में वन भूमि पर कब्जे को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। लाठी-डंडे, धारिया और पथराव के बाद एक घर में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर गांव में भारी बल तैनात किया है।
Follow on Google News
ग्वारखेड़ा में वन भूमि के कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष, दो गुट भिड़े; घर पर पथराव, 3 गिरफ्तार

गुना। जिले के बमोरी थाना क्षेत्र के ग्वारखेड़ा गांव में शासकीय वन भूमि पर कब्जे और वर्चस्व को लेकर चला आ रहा विवाद रविवार शाम हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे, धारिया और पत्थर चले। एक घर को घेरकर पथराव किया गया, जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गए। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत वन विभाग की जमीन की सीमा पर लगे सीमेंट के पिलर उखाड़ने को लेकर हुई। लंबे समय से चल रही रंजिश के बीच रविवार शाम करीब 5 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

घर में छिपकर बचाई जान

आरोप है कि बाइक से पहुंचे कुछ लोगों ने एक घर के मुख्य दरवाजे पर डंडों से हमला किया और पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार के लोग घर के अंदर छिप गए और किसी तरह अपनी जान बचाई। पथराव में घर की खिड़कियों के शीशे टूट गए। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ती देख हमलावर अपनी बाइक मौके पर छोड़कर भाग गए। बाद में महिलाओं और युवाओं ने इन बाइकों में लाठियों से तोड़फोड़ कर दी। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत

मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। करमदी निवासी रमेश भील ने आरोप लगाया कि मंदिर के पास मानसिंह, सीताराम और लक्ष्मीनारायण लोधी ने उसकी बाइक रोककर लाठी-डंडों से मारपीट की और जातिसूचक गालियां दीं। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भांजे और भतीजे से भी मारपीट करने तथा बाइक में तोड़फोड़ का आरोप लगाया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के मानसिंह लोधी ने शिकायत में आरोप लगाया कि 15 अगस्त को रमेश भील ने उनके खेत के खंभे उखाड़ दिए थे। 16 अगस्त की शाम इसका विरोध करने पर रमेश ने गाली-गलौज करते हुए थप्पड़-मुक्कों और धारिया से हमला किया, जिससे उनके हाथ में चोट आई।

Breaking News

तीन आरोपी गिरफ्तार, गांव में पुलिस तैनात

सूचना मिलते ही बमोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को अस्पताल भेजकर उनका उपचार और चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी गुना प्रशांत सिंह सुमन के मुताबिक, जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। रमेश भील की शिकायत पर एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मानसिंह, सीताराम और लक्ष्मीनारायण को गिरफ्तार कर लिया है। तनाव को देखते हुए बमोरी, म्याना सहित अन्य थानों का पुलिस बल गांव में तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस के अनुसार क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में और शांत है।

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak
icon

Latest Posts