57 सूत्रीय मांगों को लेकर मजदूर संघ ने खोला मोर्चा, डिप्टी कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

हरदा। भारतीय मजदूर संघ ने विभिन्न विभागों में काम करने वाले कर्मचारियों और श्रमिकों की समस्याओं को लेकर 57 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर श्वेता बम्होरे को सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी और श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
रांची की बैठक के फैसले के बाद आंदोलन
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय कार्यसमिति की 26, 27 और 28 जुलाई 2026 को रांची में बैठक हुई थी। बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार देशभर में कर्मचारियों और श्रमिकों की समस्याओं को लेकर आंदोलनात्मक कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हरदा में 57 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
'एकजुट होकर अपने हक के लिए संघर्ष करें'
प्रदेश संगठन मंत्री जितेंद्र गुर्जर ने कर्मचारियों और श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार लंबे समय से कर्मचारियों की मांगों पर आश्वासन देती आ रही है। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारी अपनी एकता और ताकत का प्रदर्शन नहीं करेंगे, तब तक उनकी न्यायोचित मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों और श्रमिकों से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
'एकता से ही मिलेगी सफलता'
भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री प्रबल पवार ने कहा कि जिले के सभी कर्मचारी और मजदूर संगठन एकजुट होकर संघर्ष करें तो सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश से लेकर देशभर के कर्मचारियों और मजदूरों को केंद्र के समान वेतन मिलना चाहिए।
कई कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष मुकेश धामनदे, नर्मदापुरम संभाग विभाग प्रमुख जितेंद्र सोनी, राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप रिछारिया, संभागीय सचिव महेश तिवारी, जिलाध्यक्ष दीपक तिवारी, सचिव जगदीश टेमले सहित विभिन्न कर्मचारी और श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा नगरीय निकाय जिलाध्यक्ष बरजोर सिंह सेठमने, विद्युत विभाग आउटसोर्स कर्मचारी संघ के वीरेंद्र भाटी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ की जिलाध्यक्ष शोभा ठाठे, भागीरथ भाटी, कृषि मजदूर संघ के गणेश मर्सकोले, सफाई मित्र संघ के संभागीय अध्यक्ष मकबूल खान और अतिथि शिक्षक संघ के अध्यक्ष निलेश सोनी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी और श्रमिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।












