जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में शराब पीते नजर आए समिति प्रबंधक

छिंदवाड़ा। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक के दौरान मैनिखापा समिति प्रबंधक राकेश चौकसे के शराब पीते नजर आने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बैंक की कार्यप्रणाली और अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया गया है कि सोमवार को बैंक के महाप्रबंधक ने समितियों के कामकाज और विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की थी।
बैठक के दौरान कैमरे में शराब पीते नजर आए
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिले के अन्य समिति प्रबंधक और संबंधित अधिकारी भी जुड़े हुए थे। इसी दौरान मैनिखापा समिति के प्रबंधक राकेश चौकसे कैमरे के सामने शराब का सेवन करते नजर आए। आधिकारिक बैठक के दौरान इस तरह की स्थिति सामने आने से बैंक की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की अनुशासन व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बैठक जैसी जिम्मेदाराना गतिविधि के दौरान किसी अधिकारी या कर्मचारी का इस तरह नजर आना अनुशासन का गंभीर विषय माना जा रहा है। अब इस मामले में बैंक प्रबंधन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर है।
मामला सामने आने के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान ऐसी गतिविधि अधिकारियों के संज्ञान में क्यों नहीं आई। यदि संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई की जानी है तो बैंक प्रबंधन को मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर निर्णय लेना होगा। मामले में पक्ष जानने के लिए पीपुल्स अपडेट ने राकेश चौकसे से दो बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
ये भी पढ़ें: उमरिया के पठारी गांव में 15 हाथियों ने रौंदी किसानों की तीन एकड़ फसल, फॉरेस्ट टीम ने 4 घंटे में जंगल की तरफ खदेड़ा
राजेश चौकसे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है
कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने बताया कि सहकारी समिति की वीसी की बैठक में समिति प्रबंधक शराब पीते नजर आ रहे हैं। राजेश चौकसे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें: सिंगरौली में मिस प्रिटी इंडिया निधि तिवारी की संदिग्ध मौत, मां ने तोड़ी चुप्पी; सोनू सिंह पर लगाए गंभीर आरोप




















