छिंदवाड़ा-जेल से छूटा फिर चुराईं बाइक; बेचने के लिए ढूंढ रहा था ग्राहक, पुलिस ने दबोचा

छिंदवाड़ा। देहात थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में 28 वर्षीय गणेश कुमरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल को कम कीमत में बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की। आरोपी ने काराबोह डेम के पास एक खंडहर की झाड़ियों में दो चोरी की मोटरसाइकिलें छिपाकर रखने की जानकारी दी।
1.28 लाख रुपये की दो मोटरसाइकिलें बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल क्रमांक MP28.MZ.4118 बरामद की, जिसकी कीमत करीब 78 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की काले रंग की यामा कंपनी की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये है। दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब 1 लाख 28 हजार रुपये है।
10 सितंबर को चोरी हुई थी बाइक
पुलिस के मुताबिक पौआमा चौक स्थित श्री कुंज वाटिका निवासी विशाल ठाकुर ने 13 सितंबर को देहात थाने में मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि 10 सितंबर को उसकी बाइक MP28.MZ.4118 अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर ली। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 552/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। आरोपी गणेश कुमरे निवासी बीसापुरकला, थाना मोहखेड़ को 14 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: सिंगरौली में टायर फटने से टिपर चालक की मौत, दो घायल; गर्म पहिया बदलते समय हुआ हादसा
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गणेश कुमरे के खिलाफ थाना मोहखेड़ और सौसर क्षेत्र में चोरी, मारपीट और जुआ के पहले से मामले दर्ज हैं। वह मोहखेड़ थाने के चोरी के एक मामले में जेल गया था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में देहात थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, आरक्षक सौरभ सिंह बघेल, सूरज सिंह चौहान, शेर सिंह तथा सायबर सेल से प्रधान आरक्षक नितिन और आरक्षक आदित्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये भी पढ़ें: शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह और नरेंद्र मरावी का तलाक, 9 साल बाद आपसी सहमति से खत्म हुआ रिश्ता




















