Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर MP में ‘सेवा संकल्प अभियान’, 71 हजार से ज्यादा बूथों तक पहुंचेगी भाजपा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलेगा। भाजपा 71 हजार से अधिक बूथों पर 12 कार्यक्रम आयोजित करेगी।
PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर MP में ‘सेवा संकल्प अभियान’, 71 हजार से ज्यादा बूथों तक पहुंचेगी भाजपा
71 हजार से ज्यादा बूथों तक पहुंचेगी भाजपा

गुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मध्यप्रदेश भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान को लेकर जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने गुना में आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है। सिलावट ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज में सेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने इसे केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं बल्कि सेवा, संस्कार, सुशासन और जनभागीदारी का व्यापक अभियान बताया।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

मंत्री तुलसी सिलावट के मुताबिक भाजपा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच 12 अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करेगी। इन गतिविधियों के जरिए प्रदेश के 71 हजार से अधिक बूथों तक पहुंचने की योजना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा-संकल्प से प्रेरणा लेकर विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण को गति देने का प्रयास किया जाएगा। अभियान के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों को सेवा गतिविधियों और जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर रहेगा।

PM मोदी के जन्मदिन पर मनेगा सेवा दिवस

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा दिवस’ के रूप में होगी। इस दौरान प्रदेशभर में विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसी दिन शाम 7 बजे प्रदेश के 71 हजार से अधिक बूथों पर लाभार्थी परिवारों के घर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जाएगा। भाजपा के मुताबिक इसके जरिए प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प से लोगों को जोड़ा जाएगा।

ये भी पढ़ें: सीहोर से भाजपा ने बताया ‘सेवा संकल्प अभियान’ का प्लान, 71,930 बूथों पर होगा ‘आशीर्वाद का दीया’

7 अक्टूबर को पूरे होंगे सार्वजनिक जीवन के 25 साल

तुलसी सिलावट ने कहा कि 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक नेतृत्व के लगातार 25 वर्ष पूरे होंगे। उन्होंने इसे देश के लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। सिलावट ने कहा कि 25 वर्षों तक लगातार जनता का विश्वास और आशीर्वाद प्राप्त करना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए सेवा केवल कोई संकल्प नहीं बल्कि जीवन का ध्येय है और यही भावना ‘सेवा संकल्प अभियान’ की मूल भावना रहेगी।

सेवा और जनभागीदारी को जोड़ने पर जोर

मंत्री ने कहा कि अभियान के जरिए प्रधानमंत्री की जनसेवा और समर्पण की यात्रा की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ सेवा के संस्कार को समाज के व्यापक वर्ग तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य अभियान को केवल पार्टी कार्यकर्ताओं तक सीमित रखने के बजाय आम लोगों की भागीदारी से व्यापक रूप देना है। इसके जरिए सेवा कार्यों के साथ प्रदेश के विकास और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के संकल्प को भी जनभागीदारी से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।

ये भी पढ़ें: सीधी में सड़क के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लीला साहू ग्रामीणों संग धरने पर बैठीं, निर्माण शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान

पत्रकार वार्ता में भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद

गुना में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, अभियान के जिला संयोजक एवं पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, जिला मीडिया प्रभारी अंकुर श्रीवास्तव, जिला महामंत्री रविंद्र रघुवंशी और मीडिया पैनलिस्ट विकास जैन मौजूद रहे। पत्रकार वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी अंकुर श्रीवास्तव ने किया।

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak

Latest Posts