Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जगदलपुर-रायपुर NH-30 पर हादसा :पेड़ से टकराई तिरुपति जा रही टूरिस्ट बस, एक की मौत

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे-30 पर तिरुपति जा रही दर्शनार्थियों से भरी टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में राजनांदगांव के 18 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत तीन यात्री घायल हुए। बस में 30 से 40 श्रद्धालु सवार थे।
पेड़ से टकराई तिरुपति जा रही टूरिस्ट बस, एक की मौत
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर Road Accident ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। गुरुवार सुबह (18 दिसंबर) जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे-30 पर एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत तीन यात्री घायल हो गए। घायलों में एक महिला भी शामिल है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    भानपुरी थाना क्षेत्र में हुआ हादसा

    यह दुर्घटना भानपुरी थाना क्षेत्र के तारागांव के पास सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच हुई। जानकारी के मुताबिक, टूरिस्ट बस दुर्ग से तिरुपति दर्शन के लिए निकली थी। बस में दुर्ग और रायपुर के करीब 30 से 40 दर्शनार्थी सवार थे। सुबह के समय अचानक बस का संतुलन बिगड़ा और वह नेशनल हाईवे से नीचे उतरकर सीधे एक पेड़ से टकरा गई।

    राजनांदगांव के युवक की मौके पर मौत

    हादसा इतना भीषण था कि बस में सहायक के तौर पर काम कर रहे 18 वर्षीय तारकेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई। तारकेश्वर राजनांदगांव जिले का रहने वाला था। टक्कर के बाद बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलने पर मजबूर हुए।

    Featured News

    ड्राइवर समेत तीन यात्री घायल

    इस हादसे में बस चालक समेत तीन यात्री घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

    सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

    हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। भानपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल भिजवाया। वहीं बाकी यात्रियों को पुलिस वाहन से थाने लाया गया, जहां आगे की व्यवस्था होने तक उनके ठहरने का इंतजाम किया गया।

    जांच में जुटी पुलिस

    फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने की वजह तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने और लंबी दूरी की यात्रा में सतर्क रहने की अपील की है।

    यह भी पढ़ें: सुकमा में DRG और नक्सलियों की मुठभेड़ : 2-3 नक्सली ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts