सागर में सीबीआई का बड़ा एक्शन:रेलवे का सेक्शन इंजीनियर एक लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार

जबलपुर। मामले की शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जांच शुरू की थी। प्रारंभिक पुष्टि के बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। फिलहाल सीबीआई ने 5 दिन की रिमांड मांगी है।
सिक्योरिटी मनी लौटाने के बदले मांगी रिश्वत
जानकारी के अनुसार सागर रेलखंड में गिट्टी सप्लाई करने वाले एक ठेकेदार ने विभाग में जमा अपनी सिक्योरिटी राशि वापस मांगी थी। आरोप है कि इसके बदले सेक्शन इंजीनियर ने एक लाख रुपए की रिश्वत की मांग की। ठेकेदार द्वारा रकम देने से मना करने पर राशि लौटाने में टालमटोल की जाने लगी।
ये भी पढ़ें: Share Market Today: सेंसेक्स 116 अंक टूटा, निफ्टी 23366 पर बंद; मेटल और IT शेयरों में बिकवाली
ठेकेदार ने सीबीआई से की शिकायत
रिश्वत की मांग से परेशान ठेकेदार ने जबलपुर स्थित सीबीआई कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद एजेंसी ने पूरे मामले की गोपनीय जांच की। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर अधिकारी की गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी गई।
रिश्वत लेने के लिए होटल में बुलाया
बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की राशि लेने के लिए ठेकेदार को सागर के पैराडाइज होटल बुलाया था। तय योजना के तहत ठेकेदार होटल पहुंचा और अधिकारी से मुलाकात की। इसी दौरान सीबीआई की टीम आसपास सादी वर्दी में मौजूद रही।
ये भी पढ़ें: Yogi Adityanath: हर घर नल जल योजना बढ़ा रहे हैं, कोई टोटी चोरी कर ले रहा है... बोले सीएम योगी
रकम लेते ही सीबीआई ने दबोचा
जैसे ही ठेकेदार ने इंजीनियर को एक लाख रुपए सौंपे, सीबीआई टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जबलपुर लाया गया। शुक्रवार को उसे सीबीआई कोर्ट में पेश कर पांच दिन की रिमांड मांगी गई। एजेंसी अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।












