Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लॉरेंस गैंग की धमकी:बिल्डर से मांगे 15 करोड़ वरना “मौत तय”

बिल्डर से मांगे 15 करोड़ वरना “मौत तय”
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

      इंदौर। शहर के पॉश साउथ तुकोगंज इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली। मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। संजय जैन ने तत्काल क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कर जांच तुकोगंज थाना पुलिस को सौंप दी गई है।

     इंटरनेशनल नंबर से आया मौत का कॉल
    एडीशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, 16 मार्च की सुबह करीब 8:30 बजे संजय जैन के मोबाइल पर एक इंटरनेशनल नंबर से कॉल आया। कॉल उठाते ही सामने वाले ने सीधे पूछा—“क्या तू संजय जैन है, बिल्डर है ना?” संजय के इनकार करने पर आरोपी ने दबंग अंदाज में कहा—“झूठ मत बोल, मुझे सब पता है।” इसके बाद उसने खुद को “हेरी बॉक्सर” बताते हुए लॉरेंस गैंग का सदस्य होने का दावा किया।

     कॉल काटते ही आया धमकी भरा वॉइस नोट
    संजय ने कॉल तुरंत काटकर नंबर ब्लॉक कर दिया, लेकिन कुछ ही मिनटों में उसी नंबर से वॉइस मैसेज और वीडियो कॉल आने लगे। आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने दूसरे नंबर से भी कॉल किया, जिसकी डीपी पर बाबा महाकाल की तस्वीर लगी हुई थी।

     10 से बढ़ाकर 15 करोड़ की रंगदारी
    वॉइस नोट में आरोपी ने साफ धमकी दी—
    “सुन संजय, फोन काटने या भागने से कुछ नहीं होगा। पहले 10 करोड़ देने थे, अब 15 करोड़ देने होंगे। जितना लेट करेगा, रकम बढ़ती जाएगी। या पैसे देगा या जान देगा।”

     परिवार और हर मूवमेंट पर नजर का दावा
    धमकी देने वाले ने संजय जैन के परिवार और करीबियों के नाम लेकर डराने की कोशिश की। उसने निलेश जैन, नंदर जैन और सुनंदा जैन तक का जिक्र करते हुए कहा कि उसे सभी की पूरी जानकारी है। इतना ही नहीं, उसने संजय की लोकेशन, गाड़ी, दिनचर्या और यहां तक कि उनके जीएसटी भुगतान तक की जानकारी होने का दावा किया।

     “पुलिस को सुना देना, पहचान जाएंगे”
    आरोपी ने खुलेआम चुनौती देते हुए कहा—
    “वॉइस नोट पुलिस को सुना देना, पहचान जाएंगे। यूट्यूब पर भी देख लेना। जब तक लाइन पर नहीं आएगा, तेरी ऐसी-तैसी करूंगा। जो बिल्डिंग बना रहा है, उसे कोई नहीं खरीदेगा।”

     3 दिन में 4 बार धमकी भरे कॉल
    संजय जैन के मुताबिक, 16, 18 और 20 मार्च को उन्हें कुल चार बार कॉल किए गए। हर बार उन्होंने कॉल काट दिया, जिसके बाद आरोपियों ने वॉइस नोट के जरिए धमकियां देना जारी रखा।

     पुलिस जांच में जुटी, नंबर खंगाले जा रहे
    टीआई जितेंद्र यादव ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर संबंधित मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है। कॉल डिटेल्स और लोकेशन ट्रेस की जा रही है, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

    सुरक्षा बढ़ाई गई, कई जिलों में मिल रहीं ऐसी धमकियां
    एडीशनल डीसीपी के अनुसार, इस तरह की धमकियों की शिकायतें अन्य जिलों से भी सामने आ रही हैं। फिलहाल संजय जैन को सुरक्षा मुहैया कराई गई है और पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

    Hemant Nagle
    By Hemant Nagle

    हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

    Latest Posts