15 हजार फूल, रोशन गोलचक्कर और 24 घंटे निगरानी… BRICS समिट के लिए ऐसे सज रही दिल्ली

नई दिल्ली। BRICS शिखर सम्मेलन 2026 से पहले राजधानी दिल्ली का रूप बदलता नजर आ रहा है। अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के स्वागत के लिए नई दिल्ली को सजाने-संवारने का काम तेजी से चल रहा है। 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में होने वाले सम्मेलन को देखते हुए नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सड़कों, बाजारों, होटल क्षेत्रों और वीआईपी रूट से लेकर प्रमुख चौराहों तक सफाई, सड़क सुधार, रोशनी और सौंदर्यीकरण का काम किया जा रहा है। सम्मेलन में दुनिया के कई देशों से प्रतिनिधियों और बड़े नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में दिल्ली को साफ-सुथरा और आकर्षक दिखाने के साथ-साथ यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को भी बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। राजधानी के कई हिस्सों में सजावट का काम शुरू हो चुका है और जगह-जगह नई तैयारियां दिखाई दे रही हैं।
मेहमानों के स्वागत में बदली दिल्ली की तस्वीर
NDMC के चेयरमैन मनोज द्विवेदी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर BRICS India 2026 का लोगो और तैयारियों की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने बताया कि राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में सम्मेलन के स्वागत के लिए विशेष सजावट की जा रही है। प्रमुख गोलचक्करों को रोशनी से सजाने के साथ-साथ उनका सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है। सड़कों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कोशिश है कि विदेशी मेहमानों के सामने दिल्ली की साफ, सुंदर और व्यवस्थित तस्वीर दिखाई दे।
सड़कों से फुटपाथ तक होगा सुधार
BRICS सम्मेलन से पहले नई दिल्ली के प्रमुख इलाकों में सड़क और फुटपाथ सुधार का काम भी तेजी से चल रहा है। सड़कों को गड्ढामुक्त करने के साथ फुटपाथों को बेहतर बनाया जा रहा है। पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए जेब्रा क्रॉसिंग को भी साफ और स्पष्ट किया जा रहा है। इसके अलावा कई जगहों पर थीम आधारित पेंटिंग कराई जा रही है। रोशन फव्वारे और सजावटी इंतजाम भी किए जा रहे हैं। सार्वजनिक स्थानों को भी नया रूप दिया जा रहा है, ताकि राजधानी का माहौल सम्मेलन के अनुरूप नजर आए। NDMC का कहना है कि इन तैयारियों का उद्देश्य सिर्फ सजावट करना नहीं है। सम्मेलन के दौरान दिल्ली को साफ, सुरक्षित और व्यवस्थित रखना भी इसकी बड़ी प्राथमिकता है।
7 साल बाद भारत आएंगे शी जिनपिंग! मोदी से होगी मुलाकात, BRICS में बनेगी बड़ी बात
24 घंटे नजर रखेगा कंट्रोल सेंटर
BRICS सम्मेलन के दौरान किसी भी समस्या से तुरंत निपटने के लिए NDMC का एकीकृत कमांड और कंट्रोल सेंटर 5 से 14 सितंबर तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा। पालिका केंद्र स्थित इस सेंटर से अलग-अलग व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी। यातायात और शिकायतों से जुड़ी समस्याओं के लिए अलग कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा। NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल के मुताबिक तीन शिफ्टों में निदेशक या संयुक्त निदेशक स्तर के दो अधिकारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा NDMC की 11 विंगों को रात की ड्यूटी दी गई है। इससे सम्मेलन के दौरान किसी भी समस्या का जल्द समाधान किया जा सकेगा। संबंधित विभागों के प्रभारी अधिकारियों को भी जरूरत पड़ने पर तुरंत उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सुरक्षा अधिकारी दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के साथ लगातार समन्वय करेंगे, ताकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी तरह की परेशानी न हो।
धूल और प्रदूषण कम करने के भी इंतजाम
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान दिल्ली की हवा और सड़कों की स्थिति पर भी खास नजर रखी जाएगी। प्रमुख मार्गों पर धूल को कम करने के लिए विशेष छिड़काव की व्यवस्था की गई है। लोधी रोड, तिलक मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, शांतिपथ और जाकिर हुसैन रोड समेत पांच प्रमुख स्थानों पर धुंध का विशेष छिड़काव किया जाएगा। इसका मकसद सड़कों पर उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करना और वातावरण को बेहतर बनाए रखना है।
BRICS समिट के लिए तैयार दिल्ली, 35+ सड़कें प्रभावित; 100 NSG कमांडो ने किया ‘कवच’ ऑपरेशन
17 गोलचक्करों और 11 होटलों पर खास रोशनी
BRICS सम्मेलन के लिए राजधानी को सजाने की तैयारी कितनी बड़ी है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नई दिल्ली के 17 प्रमुख गोलचक्करों को सजावटी रोशनी से सजाया जाएगा। इसके अलावा 11 प्रमुख होटलों और 10 NDMC भवनों पर भी विशेष रोशनी की जाएगी। 15 स्थानों पर फूलों के बोर्ड लगाए जाएंगे, जबकि नौ जगहों पर फूलों के फव्वारे तैयार किए जा रहे हैं। प्रमुख सड़कों और महत्वपूर्ण चौराहों के किनारे 15 हजार से ज्यादा फूलों के गमले भी लगाए जा रहे हैं। इससे सम्मेलन के दौरान राजधानी का नजारा और भी आकर्षक नजर आएगा।
सुरक्षा से लेकर सुंदरता तक
BRICS सम्मेलन से पहले नई दिल्ली में तैयारियां सिर्फ सजावट तक सीमित नहीं हैं। सड़क, फुटपाथ, सफाई, यातायात, सुरक्षा, धूल नियंत्रण और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर एक साथ काम किया जा रहा है। एक तरफ राजधानी को अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के स्वागत के लिए खूबसूरत बनाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ 24 घंटे निगरानी और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था भी की जा रही है। 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में होने वाले BRICS सम्मेलन से पहले दिल्ली पूरी तरह तैयार नजर आए, इसके लिए NDMC ने कई स्तरों पर काम तेज कर दिया है।



















