‘दो घूंसा मारूंगा तो भाग जाएगा मस्क’, रीवा में भाजपा सांसद जर्नादन मिश्रा के फिर बिगड़े बोल

रीवा। भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क को लेकर ऐसा बयान दिया कि कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान विकास कार्य से हटकर उनकी टिप्पणी पर चला गया। बुधवार को रीवा में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की मौजूदगी में सांसद ने कहा, “दो घूंसा मारूंगा मैं, मस्क तो भाग जाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि हिंदुस्तान के 56 इंच सीने वाले को कोई झुका नहीं सकता। भारत में आना है तो देश की शर्तें माननी पड़ेंगी।
ब्रिज के भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंचे थे
सांसद का यह बयान लक्ष्मण बाग ट्रस्ट की जमीन के दोनों हिस्सों को जोड़ने के लिए नदी पर बनने वाले ब्रिज के भूमिपूजन कार्यक्रम में आया। मंच से संबोधित करते हुए जनार्दन मिश्रा ने एलन मस्क के संदर्भ में कहा कि भारत किसी के दबाव में नहीं आएगा। उनके मुताबिक, मस्क को भारत में अपनी शर्तों पर काम करने की छूट नहीं मिलेगी, बल्कि उसे देश की शर्तें स्वीकार करनी होंगी।
‘शर्त मानेगा तभी भारत में अलाऊ होगा’
जनार्दन मिश्रा ने कहा, “हिंदुस्तान के 56 इंच सीना वाले को कोई झुका नहीं सकता। कोई उसे ताकत दिखा नहीं सकता। इसलिए एलन मस्क के लिए बंदिश है।” उन्होंने आगे कहा कि मस्क अपनी शर्तों पर ही आना चाहेगा, लेकिन भारत में उसे देश की शर्तें माननी होंगी। इसी दौरान उन्होंने दो घूंसे मारने वाली टिप्पणी की। सांसद ने अपने संबोधन में देश में सौहार्द के वातावरण को तरक्की के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि देश में जितना सौहार्द बना रहेगा, उतनी ही देश की प्रगति होगी।
ये भी पढ़ें: ‘शुद्ध पेट्रोल क्या तुम्हारे बाप के घर से आएगा?’ BJP सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान पर मचा बवाल
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने किया भूमिपूजन
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लक्ष्मण बाग ट्रस्ट की जमीन के दोनों हिस्सों को जोड़ने के लिए नदी पर बनने वाले ब्रिज का भूमिपूजन था। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने ब्रिज का भूमिपूजन किया। इसी कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा ने मंच से संबोधन के दौरान एलन मस्क का जिक्र किया और अपनी बात रखी। ब्रिज बनने से लक्ष्मण बाग मंदिर, गौशाला और नवनिर्मित संस्कृत विश्वविद्यालय के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय के अलावा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
विकास के मंच पर बयान की चर्चा
रीवा में ब्रिज के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान सांसद की एलन मस्क पर की गई टिप्पणी चर्चा का विषय बन गई। विकास परियोजना के कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय कारोबारी का जिक्र और ‘दो घूंसे’ वाला बयान इस आयोजन की सबसे चर्चित बातों में शामिल रहा।
ये भी पढ़ें: सांसद जनार्दन मिश्रा बोले-विधायक अभय मिश्रा यौन विकृति से पीड़ित, स्टेपनी चोरी से शुरू किया था जीवन का सफर




















