सतना में दर्दनाक सड़क हादसा, बच्चे की मौत; 4 लोग घायल

सतना। बाइक पर पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे सवार थे, जो पहाड़ीखेड़ा से कालिंजर की ओर जा रहे थे। हादसे में कार्तिक पाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार घायलों को मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
महुआ डांडी बैरियर के आगे हुआ हादसा
सतना जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र में महुआ डांडी बैरियर के आगे अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि बाइक सवारों में चीख-पुकार मच गई।
ये भी पढ़ें: सिवनी में राख से भरा ओवरलोड डंपर पलटा, चालक गंभीर; बाइक सवार बाल-बाल बचा
बाइक पर सवार थे पति-पत्नी और तीन बच्चे
जानकारी के अनुसार, बाइक पर पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे सवार थे। सभी पहाड़ीखेड़ा से कालिंजर की ओर जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कार्तिक पाल (5), पिता श्रीकेश पाल की मौके पर ही मौत हो गई।
माता-पिता समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे में आशाराम पाल (25), पिता रामाधार पाल, बिल्लों पाल (28), पति श्रीकेश पाल, सतीश पाल (8) और शिवम पाल (6) गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर सवार चारों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। इसके बाद घायलों को मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सभी घायल पहाड़ीखेड़ा बस स्टैंड के पास के रहने वाले हैं।
फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौके से फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।




















