Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बिलासपुर : पिस्टल लहराते दहशत फैलाने वाला हिस्ट्रीशीटर अपने 4 साथियों के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस, बोले- पुलिस हमारी बाप है...

बिलासपुर : पिस्टल लहराते दहशत फैलाने वाला हिस्ट्रीशीटर अपने 4 साथियों के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस, बोले- पुलिस हमारी बाप है...
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। लंबे समय से फरार चल रहे एक बदमाश (हिस्ट्रीशीटर) लुटू पांडेय उर्फ रितेश और उसके 4 साथियों को गिरफ्तार किया गया है। इन बदमाशों ने सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर पिस्टल के साथ रील बनाकर शहर में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। इतना ही नहीं, उन्होंने भाजपा और कांग्रेस के स्थानीय नेताओं को जान से मारने की धमकी भी दी थी। यह पूरा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

    फरारी में भी नहीं छोड़ी गुंडई, बनाते रहे रील

    बता दें कि, फरार चल रहा मुख्य आरोपी लुटू पांडेय अपने दोस्त शिवम मिश्रा के साथ उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, बनारस और इलाहाबाद जैसे शहरों में छिपकर ठिकाने बदल रहा था। फरारी के दौरान भी इन बदमाशों ने अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। वे लगातार पिस्टल और अन्य हथियारों के साथ वीडियो (रील) बनाकर इंस्टाग्राम पर शेयर कर रहे थे। जिससे आम लोगों में खौफ पैदा हो रहा था। इन पर कुछ युवकों को जान से मारने की धमकी देने की शिकायत भी दर्ज हुई थी।

    यूपी से पीछा कर रतनपुर के पास दबोचा

    बदमाशों के वीडियो वायरल होने के बाद बिलासपुर पुलिस ने उनकी तलाश तेज की। पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश भी भेजी गईं। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी यूपी से भागकर छत्तीसगढ़ की सीमावर्ती इलाकों की ओर आए। पुलिस ने पीछा करते हुए उन्हें रतनपुर के पास घेराबंदी कर पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में लुटू पांडेय, शिवम मिश्रा, लक्की यादव, शैलेश चौबे और शंभू यादव शामिल हैं। उनके पास से रिवाल्वर, एयरगन, चाकू और बुलेट बाइक जब्त की गई है।

    पुलिस ने निकाला जुलूस

    गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को सबक सिखाने के लिए उनका जुलूस निकाला। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें डंडे मारकर उनकी खातिरदारी की और उनसे कान पकड़कर उठक-बैठक भी लगवाई गई। इस दौरान बदमाश यह कहते नजर आए कि बिलासपुर में गुंडई करोगे तो पुलिस गुफा से भी निकाल लेगी, पुलिस हमारी बाप है।

    अवैध संपत्ति पर शिकंजा

    पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धाराएं जोड़ी हैं और अब उनकी व उनके परिवार के सदस्यों की अवैध संपत्तियों की पहचान कर जब्त करने की तैयारी की जा रही है। नशे के कारोबार से कमाई गई संपत्ति पर सफेमा कोर्ट के माध्यम से कार्रवाई होगी। पूछताछ में दो अन्य साथी अविनाश बोरकर और सुमित महाजन को देसी पिस्टल देने की जानकारी मिली, जिन्हें भी गिरफ्तार कर उनके पास से पिस्टल बरामद की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। एसएसपी रजनेश सिंह ने चेतावनी दी है कि गुंडागर्दी का शौक छोड़ने वरना जिंदगी जेल में कटेगी।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts