बिहार :पैसेंजर ट्रेन के इंजन में लगी आग, स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

पटना। बिहार के सहरसा-मानसी रेलखंड पर स्थित सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म पर खड़ी समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन (नंबर 63344) के इंजन में अचानक आग लग गई। आग लगते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन के इंजन में लगी आग
जानकारी के अनुसार, घटना प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़ी समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन के इंजन में हुई। आग किस कारण लगी, इसका अभी तक आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल सका है। रेलवे और संबंधित एजेंसियां आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटी हैं।
यात्री ने बताई घटना की पूरी जानकारी
खगड़िया से सहरसा जा रहे एक यात्री ने बताया कि करीब 3:40 बजे ट्रेन में आग लगने की जानकारी मिली। यात्री के मुताबिक, उन्होंने इसकी शिकायत भी की थी, लेकिन समय पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के दौरान ट्रेन के गार्ड ने स्थिति संभालने के लिए काफी प्रयास किए। उस समय दूसरी ट्रेन भी आने वाली थी, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
जांच के बाद सामने आएगी आग लगने की वजह
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग तकनीकी खराबी से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आएगी।












