पाटलिपुत्र स्टेशन पर भर्ती परीक्षा देने जा रहे छात्रों का हंगामा,ट्रेन में तोड़फोड़ और पथराव, आईजी समेत कई पुलिसकर्मी घायल

पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बिहार पुलिस के मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा देने जा रहे हजारों अभ्यर्थियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। ट्रेनों की कमी और कई गाड़ियों के देरी से पहुंचने से नाराज छात्रों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि स्टेशन परिसर और रेलवे ट्रैक पर जमकर हंगामा हुआ। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रशासन को मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा।
परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की चिंता बनी हंगामे की वजह
मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जानी थी। परीक्षा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शनिवार रात से ही पाटलिपुत्र स्टेशन पहुंचने लगे थे। कई उम्मीदवारों का कहना था कि उन्हें अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए पर्याप्त ट्रेनें नहीं मिल रही थीं। वहीं कुछ ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देर से चल रही थीं। समय पर परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच पाने की आशंका ने अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ा दी। स्टेशन पर लगातार बढ़ती भीड़ के बीच नाराजगी भी बढ़ती चली गई और आखिरकार यह विरोध प्रदर्शन में बदल गई।
एग्जाम स्पेशल ट्रेन पहुंचते ही बिगड़े हालात
बताया जा रहा है कि पाटलिपुत्र से कटिहार के लिए चलाई गई एग्जाम स्पेशल ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही हालात और खराब हो गए। ट्रेन में सवार होने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एक साथ प्लेटफॉर्म पर पहुंच गए। भारी भीड़ और अव्यवस्था के कारण धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसी दौरान कई अभ्यर्थी रेलवे ट्रैक पर उतर गए और ट्रेन के आगे बैठकर विरोध जताने लगे। छात्रों ने रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते स्टेशन परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया और रेल परिचालन प्रभावित होने लगा।
पथराव और तोड़फोड़ से मचा हड़कंप
प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने एग्जाम स्पेशल ट्रेन को निशाना बनाया। ट्रेन के कुछ हिस्सों में तोड़फोड़ की गई और पथराव भी हुआ। अचानक हुई इस घटना से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर के लिए स्थिति पूरी तरह नियंत्रण से बाहर होती दिखाई दी। रेलवे ट्रैक पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के जमा होने से कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
हालात संभालने के लिए पुलिस को करनी पड़ी हवाई फायरिंग
हंगामे की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने पहले प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब स्थिति सामान्य नहीं हुई तो सख्ती बरतनी पड़ी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने और हालात को काबू में लाने के लिए पुलिस ने तीन राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद धीरे-धीरे प्रदर्शनकारी पीछे हटने लगे और पुलिस ने रेलवे ट्रैक को खाली कराया।
ये भी पढ़ें: Ranu Mondal : स्टेशन से स्टारडम तक और फिर गुमनामी, फिलहाल कैसी है रानू मंडल की जिंदगी?
आईजी जितेंद्र राणा समेत कई पुलिसकर्मी घायल
पथराव और धक्का-मुक्की के दौरान कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में आईजी जितेंद्र राणा को भी हल्की चोटें आई हैं। इसके अलावा रूपसपुर थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोट लगी है। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल को स्टेशन और आसपास के इलाकों में तैनात कर दिया गया ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
मौके पर डटे रहे वरिष्ठ अधिकारी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आईजी जितेंद्र राणा, पुलिस अधीक्षक, दानापुर के एसडीएम और एएसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने रेलवे प्रशासन के साथ मिलकर अभ्यर्थियों से बातचीत की और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।
रेलवे ने चलाई अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें
फिलहाल आईजी जितेंद्र राणा, एसपी, दानापुर एसडीएम और एएसपी समेत कई थानों की पुलिस ने मौके पर मौजूद हैं. पुलिस और रेलवे प्रशासन अभ्यर्थियों को समझाने-बुझाने की कोशिश कर रहा है। साथ ही रेलवे प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत स्पेशल ट्रेनें चलाई दी हैं, ताकि छात्रों को अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर समय से भेजा जा सके।












