भोपाल में 3 दोस्तों की मौत, 1 की हालत गंभीर :भूसे से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ी SUV, चाय पीने निकले थे चारों

भोपाल के निपानिया इलाके में तेज रफ्तार SUV और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। चारों दोस्त रात में चाय पीने निकले थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार काटकर शव निकाले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भूसे से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ी SUV, चाय पीने निकले थे चारों
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बैरसिया रोड पर निपानिया इलाके के पास तेज रफ्तार SUV और भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि, कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार चारों युवक बुरी तरह फंस गए।

    इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    चाय पीने निकले थे चारों दोस्त

    पुलिस के अनुसार ईंटखेड़ी क्षेत्र के सचिव गुलाब मेहर के बेटे हर्ष मेहर (23), उनके भतीजे सतीश मेहर (22), दोस्त लकी कुशवाहा और गब्बर मंगलवार रात करीब 11:30 बजे कार से गांव से निपानिया की ओर चाय पीने के लिए निकले थे। लेकिन कुछ ही दूरी पर उनकी कार सामने से आ रही भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

    Featured News

    तीन युवकों की मौके पर मौत

    हादसे में हर्ष मेहर, सतीश मेहर और लकी कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गब्बर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

    टक्कर इतनी भीषण थी कि, चारों युवक कार में बुरी तरह फंस गए थे। रेस्क्यू टीम को कार की चेसिस काटकर शव और घायल युवक को बाहर निकालना पड़ा। इस दर्दनाक मंजर को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए।

    यह भी पढ़ें: MP Weather Update : कहीं तपिश, कहीं बारिश-आंधी का अलर्ट… प्रदेश में मौसम के दो रंग, 27-28 मार्च को बदलेगा मिजाज

    ट्रैक्टर की केवल एक हेडलाइट जल रही थी

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, ट्रैक्टर-ट्रॉली की केवल एक हेडलाइट जल रही थी। अंधेरे में सामने से आ रहे वाहन का सही अंदाजा नहीं लग पाया, जिससे यह हादसा हो गया।

    इटखेड़ी की सब-डिविजनल पुलिस अधिकारी मंजू चौहान के मुताबिक, तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts