PlayBreaking News

भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू की मौत पर बवाल:परिजनों ने थाने में किया हंगामा, पति पर लगाए गंभीर आरोप

भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू की मौत पर बड़ा बवाल मच गया है। परिजनों ने थाने में हंगामा करते हुए पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं जिसके बाद पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
Follow on Google News
परिजनों ने थाने में किया हंगामा, पति पर लगाए गंभीर आरोप

भोपाल में रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को मृतका के परिजन महिला थाने पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिवार ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी करने और आरोपी पक्ष को बचाने के आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि रसूख के चलते पति समर्थ शर्मा के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने पति पर हत्या, मानसिक प्रताड़ना और सबूत मिटाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

परिजनों ने पुलिस से मांगा 24 घंटे की कार्रवाई का हिसाब

ट्विशा के परिवार ने महिला थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से सवाल किए और पिछले 24 घंटे में हुई कार्रवाई का पूरा ब्यौरा मांगा। परिजनों का आरोप है कि पुलिस जानबूझकर मामले को धीमा कर रही है। परिवार का कहना है कि बयान दर्ज होने के बावजूद अब तक एफआईआर और गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष को भागने का मौका दिया जा रहा है।

थाने का गेट बंद कर दिया गया

मृतका के परिजनों ने कटारा हिल्स थाना पुलिस पर बदसलूकी का भी आरोप लगाया। परिवार के मुताबिक बुधवार रात वे इंसाफ की मांग लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें देखकर थाने का मुख्य गेट बंद कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि वे रात 12 बजे तक बाहर खड़े रहे, लेकिन कोई अधिकारी बात करने तक नहीं आया। परिवार ने आरोप लगाया कि पूरा सिस्टम उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। हालांकि कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे ने इन आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि थाने में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और किसी प्रकार की बदसलूकी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि परिजनों ने ही पुलिस से अभद्र व्यवहार किया।

पुलिस बोली- शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि

कटारा हिल्स थाना प्रभारी के मुताबिक मामले की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी पूरी तरह नहीं मिली है, लेकिन शुरुआती रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी बताया गया है। उन्होंने कहा कि नवविवाहिता की मौत का मामला होने के कारण केस डायरी एसीपी को भेज दी गई है और अब आगे की जांच एसीपी स्तर पर होगी।

ये भी पढ़ें: काफिले का शो ऑफ पड़ा भारी! पीएम की अपील की अनदेखी पर सरकार का एक्शन, सैकड़ों गाड़ियों की रैली पर नवनियुक्त अध्यक्ष को पद से हटाया

पति और सास ने सबूतों से छेड़छाड़ की

ट्विशा की बहन प्रियंका शर्मा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मौत की पुष्टि होने के बाद पति समर्थ और उसकी मां करीब एक घंटे तक गायब रहे। परिवार का आरोप है कि दोनों घर लौटे और वहां मौजूद सबूतों से छेड़छाड़ की गई। प्रियंका ने कहा कि आरोपी पक्ष लगातार ट्विशा को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है और उसे ड्रग एडिक्ट तक बताया जा रहा है।

एक साल पहले हुई थी शादी

31 वर्षीय ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब एक साल पहले भोपाल निवासी वकील समर्थ शर्मा से हुई थी। ट्विशा का भाई हर्षित शर्मा भारतीय सेना में मेजर है। उसने बताया कि मौत से पहले ट्विशा ने मंगलवार रात फोन कर मानसिक प्रताड़ना की बात कही थी। परिवार के मुताबिक ट्विशा ने बताया था कि पिछले आठ दिनों से उसे लगातार परेशान किया जा रहा था। छोटी-छोटी बातों पर अपमानित किया जाता था और वह भोपाल छोड़कर मायके लौटना चाहती थी।

नौकरी छोड़ने के बाद बदल गया व्यवहार

हर्षित शर्मा का आरोप है कि शादी के शुरुआती दिनों में सबकुछ सामान्य था लेकिन नौकरी छोड़ने के बाद ट्विशा के साथ व्यवहार बदल गया। परिवार का कहना है कि उसे “नाकारा” कहकर ताने दिए जाते थे। उसके परिवार और परवरिश को लेकर भी अपमानजनक बातें कही जाती थीं। इसी वजह से वह डिप्रेशन में चली गई थी। परिजनों के मुताबिक शादी के बाद भोपाल में रहने के लिए ट्विशा ने अपनी नौकरी छोड़ दी थी। यहां आने के बाद वह दूसरी नौकरी नहीं करना चाहती थी जिस बात को लेकर पति से विवाद होता था।

ये भी पढ़ें: MP में दूध फिर महंगा: सांची ने बढ़ाई कीमतें, जानें नए रेट और कब से लागू होंगे बदलाव

छत पर फंदे से लटकी मिली थी ट्विशा

पूर्व जज गिरीबाला सिंह का कहना है कि घटना वाली रात करीब 9:30 बजे तक पूरा परिवार साथ बैठकर टीवी देख रहा था। उन्होंने दावा किया कि इसके सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद हैं। उनके मुताबिक ट्विशा अक्सर छत पर जाकर फोन पर बात करती थी। जब परिवार छत पर पहुंचा तो वह एक्सरसाइज में इस्तेमाल होने वाले इलास्टिक रबर के सहारे फंदे पर लटकी मिली। उसे तुरंत एम्स ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गिरीबाला सिंह ने यह भी कहा कि ट्विशा मनोवैज्ञानिक इलाज करा रही थी और साइकेट्रिक दवाइयां ले रही थी। उन्होंने दावा किया कि ट्विशा ने डॉक्टर को मारुआना सेवन और गर्भपात से जुड़ी जानकारी भी दी थी।

Sumit Shrivastava
By Sumit Shrivastava

मास कम्युनिकेशन में Ph.D और M.Phil पूर्ण की है तथा टीवी और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts