Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Peoples Update Special :भोपाल में हर शनिवार पुलिसकर्मियों की होगी फिटनेस परीक्षा, तय समय में दौड़ पूरी नहीं करने वालों की बनेगी रिपोर्ट

भोपाल में अब हर शनिवार पुलिसकर्मियों को फिटनेस टेस्ट लिया जाएगा। पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने यह नई व्यवस्था शुरू की है। इसमें उम्र के अनुसार 3, 5 और 10 किमी दौड़ अनिवार्य होगी। चिकित्सकीय रूप से अक्षम कर्मियों को योगाभ्यास करना पड़ेगा।
भोपाल में हर शनिवार पुलिसकर्मियों की होगी फिटनेस परीक्षा, तय समय में दौड़ पूरी नहीं करने वालों की बनेगी रिपोर्ट

सतीश उपाध्याय, भोपाल। राजधानी पुलिस में फिट और फुतीर्ले पुलिस बल की अवधारणा को मजबूत करने के लिए पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने नई व्यवस्था लागू की है। अब नगरीय पुलिस भोपाल में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों की शारीरिक क्षमता का नियमित आकलन किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक शनिवार सुबह छह बजे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आयु वर्ग के अनुसार दौड़ अनिवार्य रहेगी। निर्धारित समय में दौड़ पूरी नहीं करने वाले कर्मचारियों की रिपोर्ट संबंधित पुलिस उपायुक्त को भेजी जाएगी।

सात साल पहले के निर्देशों के तहत व्यवस्था

पुलिस आयुक्त कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था पुलिस मुख्यालय के वर्ष 2019 के निर्देशों के अनुरूप लागू की जा रही है। इसका उद्देश्य पुलिस बल की शारीरिक दक्षता, कार्य क्षमता और स्वास्थ्य स्तर को बेहतर बनाना है।

उम्र के हिसाब से तय हुई दौड़ 

आदेश के मुताबिक 45 वर्ष से कम आयु के अधिकारियों और कर्मचारियों को 10 किलोमीटर की दौड़ अधिकतम 60 मिनट में पूरी करनी होगी। 45 से 55 वर्ष आयु वर्ग के लिए 5 किलोमीटर की दौड़ 40 मिनट में तथा 55 वर्ष से अधिक आयु वालों के लिए 3 किलोमीटर की दौड़ 25 मिनट में पूरी करना अनिवार्य रहेगा।

ये भी पढ़ें: ब्रेस्ट दबाना, सलवार उतारना रेप की कोशिश नहीं... पटना HC के फैसले पर भड़का सुप्रीम कोर्ट, कहा- जज को रिसर्च की जरूरत

एसीपी होंगे नोडल अधिकारी 

दौड़ की व्यवस्था और निगरानी के लिए प्रत्येक अनुभाग में संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। पुलिस आयुक्त कार्यालय, मुख्यालय और रक्षित केंद्र के बल के लिए एसीपी (लाइन), जबकि यातायात अमले के लिए संबंधित जोन के एसीपी (यातायात) जिम्मेदार होंगे। नोडल अधिकारी अपने क्षेत्र में खुला मैदान, पार्क या उपयुक्त सड़क का चयन कर दौड़ का आयोजन कराएंगे।

रिपोर्ट तैयार होगी, समय का रखा जाएगा रिकॉर्ड 

नोडल अधिकारियों को प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की दौड़ का समय दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। जो कर्मचारी निर्धारित समय सीमा में दौड़ पूरी नहीं कर पाएंगे, उनकी रिपोर्ट संबंधित पुलिस उपायुक्त को भेजी जाएगी। हालांकि रात्रि गश्त या सुबह नौ बजे से पहले कानून-व्यवस्था ड्यूटी में तैनात कर्मियों को इस व्यवस्था से छूट दी गई है।

स्वास्थ्य कारणों से अक्षम कर्मियों के लिए योग 

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि चिकित्सकीय कारणों से दौड़ने में असमर्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को वैकल्पिक शारीरिक गतिविधि के रूप में योगाभ्यास कराया जाएगा। पुलिस आयुक्त ने निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी जवाबदेह होंगे।

ये भी पढ़ें: नाबालिगों की पोर्न साइट्स तक पहुंच पर SC सख्त: केंद्र सरकार को नीति बनाने के निर्देश, MP के अधिवक्ता की जनहित याचिका पर हुई सुनवाई

आगामी शनिवार से हर हफ्ते फिटनेस टेस्ट

पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सर्कुलर के आधार पर यह व्यवस्था लागू की जा रही है। आने वाले शनिवार से भोपाल शहर में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की शारीरिक क्षमता का नियमित आकलन किया जाएगा।

 संजय कुमार, पुलिस आयुक्त भोपाल

 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts