भोपाल मेट्रो का नया शेड्यूल: वीकेंड पर 70 फेरे, हर 15 मिनट में मिलेगी ट्रेन

भोपाल मेट्रो रेल सेवा की समय-सारणी में एक बार फिर बदलाव किया गया है। 17 अगस्त से रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में मेट्रो के 70 फेरे लगाए जाएंगे जबकि सोमवार से शनिवार तक कुल 62 फेरे संचालित होंगे। नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो उपलब्ध होगी। मेट्रो प्रबंधन के अनुसार अब सप्ताह के सभी दिनों में पूरे परिचालन समय के दौरान 15 मिनट के समान अंतराल पर ट्रेनें चलेंगी। इससे यात्रियों को लंबे इंतजार से राहत मिलेगी।
सोमवार से शनिवार 62 फेरे
नए शेड्यूल के मुताबिक सोमवार से शनिवार तक सुभाष नगर स्टेशन से पहली मेट्रो सुबह 11:30 बजे रवाना होगी। वहीं एम्स स्टेशन से पहली ट्रेन दोपहर 12 बजे चलेगी। इन दिनों मेट्रो सेवा सुबह 11:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी। सुभाष नगर से अंतिम मेट्रो शाम 7 बजे जबकि एम्स से अंतिम ट्रेन शाम 7:30 बजे रवाना होगी। इस दौरान दोनों दिशाओं को मिलाकर मेट्रो के कुल 62 फेरे लगाए जाएंगे।
रविवार और छुट्टी के दिन 70 फेरे
रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में मेट्रो का परिचालन समय बढ़ाया गया है। इन दिनों सेवा सुबह 11:30 बजे से रात 8:30 बजे तक जारी रहेगी। सुभाष नगर से आखिरी मेट्रो रात 8 बजे और एम्स से अंतिम मेट्रो रात 8:30 बजे रवाना होगी। दोनों दिशाओं में कुल 70 फेरे संचालित किए जाएंगे। इससे रविवार और छुट्टी के दिन शहर में घूमने या दूसरे कामों से मेट्रो का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को ज्यादा समय तक सेवा मिल सकेगी।
पहले सुबह 9:30 बजे से चल रही थी मेट्रो
भोपाल में मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद समय-सारणी में कई बदलाव किए गए हैं। पहले मेट्रो सुबह 9:30 बजे से चल रही थी लेकिन शुरुआती घंटों में यात्रियों की संख्या कम रहने के कारण शेड्यूल में बदलाव किया गया। अब यात्रियों की सुविधा और मौजूदा परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नई समय-सारणी लागू की जा रही है।
सिग्नलिंग सिस्टम से कम हुआ इंतजार
भोपाल मेट्रो के परिचालन में बड़ा बदलाव सिग्नलिंग सिस्टम शुरू होने के बाद आया है। कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) ने जुलाई में सिग्नलिंग सिस्टम को मंजूरी दी थी। इसके बाद 25 जुलाई से मेट्रो दोनों ट्रैक पर चल रही है। इससे पहले दिसंबर में मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद सीमित ट्रैक व्यवस्था के कारण एक ट्रेन के स्टेशन से निकलने के बाद अगली ट्रेन के लिए यात्रियों को काफी लंबा इंतजार करना पड़ता था। अब दोनों ट्रैक पर संचालन और बेहतर सिग्नलिंग व्यवस्था के चलते ट्रेनों के बीच अंतर कम किया जा रहा है।
करीब 800 करोड़ रुपए में तैयार हो रहा सिग्नलिंग सिस्टम
भोपाल में मेट्रो संचालन को बेहतर बनाने के लिए करीब 30 किलोमीटर के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर सिग्नलिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। इस परियोजना के लिए करीब 800 करोड़ रुपए का टेंडर हुआ है। मौजूदा काम इसी परियोजना का पहला चरण है। सिग्नलिंग सिस्टम के बाद मेट्रो की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने और परिचालन को ज्यादा व्यवस्थित करने में मदद मिल रही है।
ये भी पढ़ें: भोपाल में स्वतंत्रता दिवस की धूम, जगह-जगह फहराया तिरंगा; निगम मुख्यालय में पहली बार हुआ ध्वजारोहण
रिटर्न टिकट और ग्रुप टिकट पर छूट
मेट्रो प्रबंधन ने यात्रियों को आकर्षित करने के लिए प्रमोशनल डिस्काउंट भी शुरू किया है। रिटर्न जर्नी टिकट पर 5% और ग्रुप टिकट पर 10% की छूट दी जा रही है। इसके अलावा MPMRCL मोबाइल ऐप के जरिए ई-वॉलेट रिचार्ज करने वाले यात्रियों को रिचार्ज राशि के हिसाब से अतिरिक्त बोनस मिलेगा।
- ₹200 से ₹499 तक रिचार्ज पर 8% बोनस
- ₹500 से ₹999 तक रिचार्ज पर 10% बोनस
- ₹1,000 से ₹1,499 तक रिचार्ज पर 12% बोनस
- ₹1,500 से ₹2,000 तक रिचार्ज पर 15% बोनस
इससे यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग और कैशलेस भुगतान के साथ अतिरिक्त बचत का फायदा मिलेगा।
ये भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस पर 11 आजीवन कैदी रिहा
पहली ट्रेन से 15 मिनट पहले खुलेंगे स्टेशन
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पहली मेट्रो के निर्धारित प्रस्थान समय से 15 मिनट पहले खोल दिए जाएंगे। इससे यात्रियों को स्टेशन में प्रवेश, सुरक्षा जांच और प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। मैनुअल टिकटिंग की सुविधा चुनिंदा गेट पर उपलब्ध रहेगी। यात्रियों के लिए व्यवस्था इस प्रकार है:
- सुभाष नगर: गेट नंबर 3
- केंद्रीय विद्यालय: गेट नंबर 3
- बोर्ड ऑफिस: गेट नंबर 3
- एमपी नगर: गेट नंबर 3
- रानी कमलापति: गेट नंबर 2
- डीआरएम ऑफिस: गेट नंबर 3
- अलकापुरी: गेट नंबर 3
- एम्स: गेट नंबर 1
नई समय-सारणी लागू होने के बाद भोपाल मेट्रो की फ्रीक्वेंसी बढ़ेगी और खासकर रविवार व सार्वजनिक अवकाश के दिनों में यात्रियों को रात 8:30 बजे तक मेट्रो सेवा मिल सकेगी।













