भोपाल:लिव-इन पार्टनर पर हथौड़े से हमला कर युवक ने की आत्महत्या, महिला की हालत गंभीर

भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र में रविवार को सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर हथौड़े से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला को मृत समझने के बाद आरोपी ने खुद पर चाकू से हमला कर आत्महत्या कर ली। घटना सोनागिरी सी-सेक्टर की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने आरोपी को मृत घोषित कर दिया जबकि महिला का इलाज जारी है।
हथौड़े से सिर पर किया हमला
एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी के मुताबिक मृतक की पहचान लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया (50) के रूप में हुई है। वह सोनागिरी सी-सेक्टर झुग्गी बस्ती में रहता था और निजी वाहन चालक का काम करता था। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे लक्ष्मण ने अपनी लिव-इन पार्टनर कल्पना भारती पर हथौड़े से हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई।
महिला को मृत समझकर खुद को मारा चाकू
पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला को मरा हुआ समझने के बाद लक्ष्मण ने चाकू से अपने गले और पेट पर वार कर लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची।
पांच साल पहले हुई थी पत्नी की मौत
पुलिस के मुताबिक लक्ष्मण की पत्नी की करीब पांच साल पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद से वह मोहल्ले में रहने वाली कल्पना भारती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। कल्पना लंबे समय से अपने पति से अलग रह रही थी और घरों में साफ-सफाई व खाना बनाने का काम करती थी।
ये भी पढ़ें: रांची के RIMS में MBBS छात्र ने की खुदकुशी, हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव
चरित्र पर शक को लेकर होता था विवाद
प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में पता चला है कि लक्ष्मण, कल्पना के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। हालांकि घटना के पीछे की असली वजह जानने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए। जिस चाकू से लक्ष्मण ने खुद पर हमला किया था, उसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गांधी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
ये भी पढ़ें: बैतूल में फिर हिली धरती : 3.9 तीव्रता का आया भूकंप... घरों से बाहर भागे लोग, 3 महीने में तीसरी बार कांपी धरती
महिला की हालत गंभीर
सिर पर गंभीर चोट लगने के बावजूद कल्पना भारती की जान बच गई। उसे पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, बाद में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।












