भोपाल:2 डेयरियों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, घी और मावा के लिए सैंपल; जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

राजधानी भोपाल में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने 11 नंबर स्थित परमार डेयरी एंड स्वीट्स और विट्ठल मार्केट स्थित मुरैना डेयरी का निरीक्षण कर घी, मावा, दही और बेसन के वैधानिक नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य पदार्थ तय मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत के बाद पहुंची विभागीय टीम
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक और खाद्य सुरक्षा अधिकारी साधना सक्सेना ने 11 नंबर स्थित परमार डेयरी एंड स्वीट्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दही और बेसन के वैधानिक नमूने निर्धारित प्रक्रिया के तहत एकत्र किए गए और जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिए गए।
डेयरी संचालक को नोटिस जारी
निरीक्षण के दौरान कुछ अनियमितताएं भी सामने आईं। इसके बाद विभाग ने डेयरी संचालक को सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट नोटिस) और कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने संचालक को निर्देश दिए हैं कि वे दो दिनों के भीतर सभी कमियों को दूर करें और अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
लाइसेंस पर भी हो सकती है कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में सुधार नहीं किया गया या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत खाद्य व्यवसाय लाइसेंस को निलंबित या निरस्त करने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: Railway News : इंदौर समेत 9 स्टेशनों के पूछताछ केंद्र अब निजी एजेंसी चलाएगी, 20 जुलाई से बदलेगी व्यवस्था
मुरैना डेयरी से घी और मावा के सैंपल
विभाग की टीम ने विट्ठल मार्केट स्थित मुरैना डेयरी का भी निरीक्षण किया। यहां से तृप्ति शुद्ध घी और मावा के नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इन नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद यह तय होगा कि उत्पाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं या नहीं।
रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
अभिहित अधिकारी देवेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से मिलने वाली रिपोर्ट, निरीक्षण के दौरान जुटाए गए साक्ष्य और संबंधित कारोबारियों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों एवं स्पष्टीकरण के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर संदेह हो या मिलावट की आशंका हो तो उसकी शिकायत विभाग को दें ताकि समय रहते जांच कर उचित कार्रवाई की जा सके।












