PU Special :भोपाल में दशहरे पर होगा हाईटेक धमाल; 121 फीट का रावण, ड्रोन से पुष्पवर्षा और लेजर शो

भोपाल में 20 अक्टूबर को दशहरा परंपरा के साथ हाईटेक अंदाज में मनाया जाएगा। जम्बूरी मैदान में 121 फीट के रावण के साथ ड्रोन से पुष्पवर्षा और डिजिटल आतिशबाजी होगी। टीटी नगर में आतिशबाजी मुकाबला, कलियासोत में लेजर शो और बंजारी मैदान में कोटा-बांदा के आतिशबाज आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
भोपाल में दशहरे पर होगा हाईटेक धमाल; 121 फीट का रावण, ड्रोन से पुष्पवर्षा और लेजर शो
फाइल फोटो

मनोज चौरसिया, भोपाल। राजधानी में इस बार दशहरा परंपरा के साथ हाईटेक अंदाज में मनाया जाएगा। 20 अक्टूबर को शहर के प्रमुख दशहरा मैदानों में कहीं 121 फीट का विशाल रावण आकर्षण का केंद्र रहेगा तो कहीं ड्रोन से पुष्पवर्षा, डिजिटल आतिशबाजी और लेजर शो दर्शकों का रोमांच बढ़ाएंगे। जम्बूरी मैदान में रावण दहन के दौरान ड्रोन से पुष्पवर्षा होगी, जबकि टीटी नगर में भोपाल और राघौगढ़ की आतिशबाजी टीमें अपना हुनर दिखाएंगी। कलियासोत में पहली बार लेजर शो के साथ हनुमान अंश की विशेष प्रस्तुति होगी। वहीं कोलार के बंजारी मैदान में राजस्थान के कोटा और बांदा के आतिशबाज रंगीन आतिशबाजी से आसमान रोशन करेंगे।

जम्बूरी में 121 फीट का रावण, ड्रोन से होगी पुष्पवर्षा

जम्बूरी मैदान में भोजपाल महोत्सव मेला समिति, गरबा समिति और दशहरा समिति की ओर से आयोजन होगा। यहां 121 फीट ऊंचा रावण तैयार किया जा रहा है। इसके साथ कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का भी दहन होगा। डिजिटल आतिशबाजी के साथ गायक हेमंत बृजवासी की प्रस्तुति होगी। रावण दहन के दौरान ड्रोन से पुष्पवर्षा भी की जाएगी।

टीटी नगर में भोपाल-राघौगढ़ की आतिशबाजी का मुकाबला

टीटी नगर दशहरा मैदान में नागरिक कल्याण समिति 67वां दशहरा उत्सव मनाएगी। यहां भोपाल और राघौगढ़ की आतिशबाजी टीमों के बीच मुकाबला होगा। मैदान में 55 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया जा रहा है। भगवान राम, लक्ष्मण और सीता के स्वरूप भी आयोजन में शामिल होंगे। तैयारियों को लेकर हुई बैठक में स्वागत अध्यक्ष सोनू जैन वात्सल्य, सचिव मनीष व्योहार, अजय श्रीवास्तव, नीलू, अशोक शर्मा, कमल जैन और श्वेता सहित समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें: Shardiya Navratri 2026: 11 या 12 अक्टूबर... किस दिन से शुरू होगी नवरात्रि? जानें सही तिथि और घटस्थापना का शुभ मुहूर्त

कलियासोत में पहली बार लेजर शो, हनुमान अंश की प्रस्तुति

कलियासोत दशहरा मैदान में 90 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। इस बार यहां पहली बार लेजर शो आयोजित किया जाएगा। इसके साथ हनुमान अंश की विशेष प्रस्तुति भी होगी। जनश्री कल्याण समिति के बैनर तले हुई बैठक में अध्यक्ष राकेश जोशी ने बताया कि मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। पुतलों के दहन के साथ आतिशबाजी होगी।

कोलार में राजस्थान-बांदा के आतिशबाज दिखाएंगे रंग

बंजारी दशहरा मैदान में राजस्थान के कोटा और बांदा के आतिशबाज रंगीन आतिशबाजी करेंगे। यहां प्रदेश के सबसे ऊंचे रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। कोलार हिंदू उत्सव समिति की बैठक में संरक्षक विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सचिव रविन्द्र यति ने बताया कि राजस्थान से आए कारीगर एक माह से विशाल पुतलों के निर्माण में जुटे हैं। ‘नाट्य श्री ग्रुप’ की बालिकाएं रामायण आधारित संगीतमय प्रस्तुति देंगी। समिति के अनुसार आयोजन में करीब 1 से 1.5 लाख लोगों के पहुंचने और यूट्यूब लाइव प्रसारण से लाखों दर्शकों के जुड़ने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: नवरात्रि में गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड नहीं तो क्या हुआ! 1,000 में मिलेगा गरबा पार्टनर, सेल्फी से लेकर घर छोड़ने तक का पैकेज वायरल

Devendra shakya
By Devendra shakya

Latest Posts