भोपाल में बदली तस्वीर!आज ई-रिक्शा से कैबिनेट बैठक में पहुंचे ये मंत्री, चर्चा तेज

भोपाल में बुधवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक के दौरान एक अलग तस्वीर देखने को मिली। मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री गौतम टेटवाल और नारायण सिंह पवार ई-रिक्शा से बैठक में पहुंचे। दोनों मंत्रियों के इस कदम को PM मोदी की उस अपील से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल जैसे ईंधन का कम और जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल करने को कहा था। हालांकि अभी भी कई नेता अपनी निजी गाड़ियों से मंत्रालय पहुंचे।
इजरायल-ईरान युद्ध के बाद बढ़ी चिंता
दरअसल, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव और युद्ध जैसे हालात के कारण दुनियाभर में तेल की कीमतों को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी को देखते हुए PM मोदी ने लोगों से पेट्रोल-डीजल बचाने और ईंधन का संयमित उपयोग करने की अपील की थी। लेकिन PM मोदी की इस अपील के कुछ ही समय बाद मध्य प्रदेश में बीजेपी के नवनियुक्त निगम, मंडल और बोर्ड अध्यक्षों और उपाध्यक्षों ने बड़े स्तर पर वाहन रैलियां निकालीं। कई जगहों पर शक्ति प्रदर्शन किया गया और लंबा काफिला लेकर नेताओं ने स्वागत रैलियां निकालीं।
ये भी पढ़ें: पानी पर भिड़े, फिर गले मिले: 24 घंटे में बदले भाजपा नेताओं के सुर
इन रैलियों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिसके बाद विपक्ष ने सरकार और बीजेपी नेताओं को घेरना शुरू कर दिया। लोगों ने सवाल उठाए कि जब PM मोदी खुद ईंधन बचाने की बात कर रहे हैं, तब नेताओं द्वारा वाहन रैली निकालना गलत संदेश देता है।
दिल्ली से लगी फटकार, नेताओं पर हुआ एक्शन
मामला बढ़ने के बाद बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने भी नाराजगी जताई। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली से मध्य प्रदेश बीजेपी नेताओं को फटकार लगाई गई। इसके बाद प्रदेश संगठन ने तुरंत सख्ती दिखाई और दो नेताओं पर कार्रवाई की गई। कई अन्य नेताओं को भी भविष्य में इस तरह के शक्ति प्रदर्शन और वाहन रैली से बचने की हिदायत दी गई।
इसी के बाद अब प्रदेश के मंत्री, विधायक और सांसद सार्वजनिक परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करते नजर आ रहे हैं।











