भोपाल को मिलेंगी 106 सुगम बसें, शहर और दूसरे शहरों का सफर होगा आसान

भोपाल। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत 25 सितंबर से भोपाल में होने जा रही है। पहले चरण में राजधानी को 106 बसें मिलेंगी। इनमें 83 बसें शहर के अलग-अलग मार्गों पर चलेंगी, जबकि 23 बसें भोपाल को दूसरे शहरों से जोड़ने के लिए इंटरसिटी सेवा में संचालित होंगी। प्रदेश के सात शहरों में पहले चरण में 351 बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। वहीं, गुरुवार को जंबूरी मैदान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बसों की सुविधाओं का जायजा लिया।
नई बस सेवा का उद्देश्य शहर के भीतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ भोपाल से दूसरे शहरों तक आवागमन को आसान बनाना है। बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीपीएस आधारित लाइव लोकेशन, पैनिक बटन और सीसीटीवी जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। बसों के संचालन और समयबद्धता की निगरानी इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के माध्यम से की जाएगी। सरकार ने भविष्य में सेवा का विस्तार करने की योजना बनाई है। वर्ष 2031 तक प्रदेश में करीब 15 हजार सार्वजनिक बसें चलाने और 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों को बस सेवा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
यह भी देखें: नेशनल हाईवे पर चलती XUV 700 की खतरनाक स्टंट, खिड़कियों से लटके युवक, VIDEO वायरल होते ही 5 पर FIR
यात्रियों को मिलेगी आसान टिकटिंग सुविधा
भोपाल में सुगम बस सेवा के तहत टिकटिंग और संचालन व्यवस्था को डिजिटल किया जाएगा। यात्रियों को बसों के रूट और संचालन से जुड़ी जानकारी डिजिटल सिस्टम के माध्यम से उपलब्ध कराने की योजना है। इससे बस के आने-जाने की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। इंटरसिटी बसों के संचालन से भोपाल से आसपास के शहरों तक आवागमन के विकल्प बढ़ेंगे, जबकि शहर में चलने वाली बसें विभिन्न क्षेत्रों को सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ेंगी।




















