PlayBreaking News

भिंड : बीईओ थप्पड़कांड में BJP नेता के खिलाफ FIR दर्ज, घटना के 16 दिन बाद पुलिस ने लिया एक्शन

Follow on Google News
भिंड : बीईओ थप्पड़कांड में BJP नेता के खिलाफ FIR दर्ज, घटना के 16 दिन बाद पुलिस ने लिया एक्शन

भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड जिले के मेहगांव ब्लॉक में शिक्षा अधिकारी (BEO) राजवीर शर्मा से भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा द्वारा थप्पड़ मारने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने शनिवार रात एफआईआर दर्ज कर ली। मामला तब तूल पकड़ गया जब कांग्रेस ने रविवार को थाने का घेराव करने की चेतावनी दी थी। इससे पहले ही पुलिस ने देर रात भाजपा नेता पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया।

कार्यक्रम के दौरान मांगी रकम

बीईओ राजवीर शर्मा के अनुसार, यह घटना 10 जुलाई को सीएम राइज स्कूल में आयोजित गुरुपूर्णिमा कार्यक्रम के दौरान हुई थी। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता नीरज शर्मा पहुंचे और टेरर टैक्स के नाम पर 20 हजार रुपए की मांग की। जब शर्मा ने यह रकम देने से इनकार किया तो भाजपा नेता ने कहा कि स्कूलों की भोजन योजना अपनी मर्जी से चलाऊंगा, तुम्हें पद से हटवा दूंगा। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मार दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।

सीसीटीवी फुटेज डिलीट करवाने का आरोप

बीईओ ने बताया कि पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, लेकिन बाद में राजनीतिक दबाव के चलते स्कूल प्राचार्य ने फुटेज डिलीट करवा दिए। 11 जुलाई को जब छात्र और स्टाफ उन्हें पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर भेंट कर रहे थे, उस समय शर्मा भावुक हो गए और रो पड़े। छात्रों के सामने उन्होंने कहा किअगर मेरा बेटा होता तो बदला लेता। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

अनैतिक कार्य के लिए बना रहा था दबाव

राजवीर शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नेता कई महीनों से दबाव बना रहे थे कि वे नियम विरुद्ध कार्य करें। वे हर महीने 20 हजार रुपए की मांग कर रहे थे और बिना तारीख के प्रस्तावों पर हस्ताक्षर की बात भी कर चुके थे। विरोध करने पर मंच पर अपमानित किया गया और थप्पड़ मारा गया।

पूर्व मंत्री ने किया समर्थन

घटना के बाद कांग्रेस के पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी बीईओ के समर्थन में सामने आए। उन्होंने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की और रविवार को थाने का घेराव करने की घोषणा की। इसके बाद स्थानीय भाजपा नेता नीरज शर्मा के समर्थन में भी कुछ लोग सामने आए।

एफआईआर दर्ज, गंभीर धाराएं शामिल

राजनीतिक दबाव और आंदोलन की आशंका के बीच पुलिस ने शनिवार रात 10 बजे एफआईआर दर्ज कर ली। भाजपा नेता पर शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।

FIR के बाद पूर्व मंत्री का बयान

एफआईआर दर्ज होने के बाद पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी ने एक वीडियो जारी कर पुलिस प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह न्याय और अन्याय की लड़ाई थी। पुलिस ने बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष कार्रवाई की। हम प्रशासन पर भरोसा रखते हैं।

Vaishnavi Mavar
By Vaishnavi Mavar
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts