PlayBreaking News

ब्रेकअप के बाद एक्स गर्लफ्रेंड का किया कथित अपहरण,चाकू से किया हमला; कुछ ही सेकंड बाद कार में धमाका, युवक की मौत

प्यार, ब्रेकअप, धमकी और फिर कार में जोरदार धमाका... कर्नाटक की इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया। युवती कैसे बची और युवक की मौत कैसे हुई? जानिए पूरे मामले की पूरी कहानी।
Follow on Google News
चाकू से किया हमला; कुछ ही सेकंड बाद कार में धमाका, युवक की मौत

बेंगलुरु। कर्नाटक से रिश्तों में हिंसा का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां ब्रेकअप के बाद एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका को कथित तौर पर जबरन कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश की। आरोप है कि रास्ते में उसने युवती पर चाकू से हमला किया और जान से मारने की धमकी भी दी। हालांकि घायल होने के बावजूद युवती किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल रही। उसके बाहर निकलते ही कुछ ही सेकंड बाद कार में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते वाहन आग का गोला बन गया। कार के अंदर फंसे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती और कैब चालक घायल हो गए। पुलिस और फॉरेंसिक टीम अब पूरे घटनाक्रम की हर एंगल से जांच कर रही है।

लंबे समय तक रिश्ते में रहे, फिर हुआ ब्रेकअप

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, मृतक की पहचान नागेंद्र (30) के रूप में हुई है, जो उत्तर कन्नड़ जिले के अंकोला का रहने वाला था। वहीं, युवती बेंगलुरु के संजय गांधी अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर टेक्नीशियन के तौर पर काम करती है। बताया जा रहा है कि दोनों कई वर्षों तक रिश्ते में थे और शादी की भी योजना बना रहे थे। लेकिन पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगे। इसके बाद युवती ने नागेंद्र से दूरी बना ली और उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। पुलिस का मानना है कि नागेंद्र इस ब्रेकअप को स्वीकार नहीं कर पा रहा था।

किराए के कमरे से जबरन साथ ले जाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह नागेंद्र सीधे जयनगर स्थित युवती के किराए के कमरे पर पहुंचा। वहां दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, लेकिन कुछ देर में बहस तेज हो गई। आरोप है कि इसके बाद उसने युवती को जबरन एक कैब में बैठाया और अंकोला की ओर निकल गया। जब युवती काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो उसकी रूममेट और परिजनों को शक हुआ। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी कि युवती को उसकी इच्छा के खिलाफ ले जाया गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने कैब की लोकेशन ट्रेस करनी शुरू कर दी।

Breaking News

रास्ते भर देता रहा धमकी, फिर किया चाकू से हमला

जांच में सामने आया है कि सफर के दौरान नागेंद्र लगातार युवती पर शादी के लिए दबाव बनाता रहा। पुलिस के अनुसार उसने कथित तौर पर कहा कि अगर वह उसकी नहीं हुई तो पहले उसे मार देगा और फिर खुद भी जान दे देगा। जब कार तुमकुरु जिले के जोगिहल्ली इलाके के पास पहुंची तो दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया। इसी दौरान नागेंद्र ने चाकू से युवती पर हमला कर दिया। कैब चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया। घायल होने के बावजूद युवती हिम्मत दिखाते हुए कार से बाहर निकल गई। चालक भी अपनी जान बचाने के लिए कार से दूर चला गया।

युवती के निकलते ही कार में हुआ भीषण धमाका

युवती और चालक के बाहर निकलने के कुछ ही सेकंड बाद कार में तेज धमाका हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि कार पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई। नागेंद्र कार के अंदर ही फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। आग में झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल युवती और कैब चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें: MP News: मिर्जापुर फेम एक्टर को डायरेक्टर ने मैहर में बनाया बंधक, रोते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो किया पोस्ट

विस्फोटक होने का शक

घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से कुछ संदिग्ध सामग्री बरामद की है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि नागेंद्र अपने साथ किसी तरह का विस्फोटक पदार्थ लेकर आया था। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बरामद सामग्री को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि धमाका विस्फोटक के कारण हुआ या फिर किसी अन्य वजह से।

पुलिस बोली- हर पहलू की गहन जांच जारी

तुमकुरु के पुलिस अधीक्षक अशोक के. वी. ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि युवक और युवती पहले रिलेशनशिप में थे और ब्रेकअप के बाद यह घटना हुई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध सामग्री कहां से लाई गई, उसका उद्देश्य क्या था और पूरे घटनाक्रम के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं थी। फिलहाल मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts