PlayBreaking News

बेगमगंज:मुक्तिधाम में पौधारोपण, सियावास मानव सेवा समिति ने लिया 500 पौधे लगाने का संकल्प

बेगमगंज के मुक्तिधाम में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है, जहाँ हाल ही में 150 पौधे रोपे गए। सियावास मानव सेवा समिति ने इस पहल के तहत कुल 500 पौधे लगाने का संकल्प लिया है।
Follow on Google News
मुक्तिधाम में पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में कार्य कर रही सियावास मानव सेवा समिति ने रविवार को नगर के मुक्तिधाम परिसर में 150 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। अभियान में नगर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाते हुए पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया।

500 पौधे लगाने का संकल्प 

समिति द्वारा बताया गया कि इस वर्ष 500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रत्येक पौधे की नियमित देखरेख कर उसे विकसित पेड़ बनाने की जिम्मेदारी भी समिति और स्थानीय नागरिक मिलकर निभाएंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधे मुक्तिधाम परिसर में लगाए गए, जिससे भविष्य में यहां हरियाली बढ़ने के साथ आने वाले लोगों को छाया और स्वच्छ वातावरण मिल सके।

पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों

सियावास मानव सेवा समिति कई वर्षों से बेगमगंज में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक सेवा कार्य करती आ रही है। समिति जनसहयोग के माध्यम से अपने अभियान संचालित करती है और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का निरंतर प्रयास कर रही है। समिति का मानना है कि बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

नियमित देखभाल जरूरी

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें पेड़ बनाना सबसे बड़ा पुण्य और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपने घर, खेत, विद्यालय, सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक परिसरों में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी दोहराया

कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, सियावास मानव सेवा समिति के अध्यक्ष संतोष कांड्या, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अजय सिंह जाट, हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह तोमर सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पौधों की नियमित सिंचाई और सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी दोहराया। सियावास मानव सेवा समिति का यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने की पहल है। यदि निर्धारित 500 पौधों का सफलतापूर्वक संरक्षण किया गया तो आने वाले वर्षों में नगर के हरित क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और लोगों को स्वच्छ एवं बेहतर पर्यावरण का लाभ मिलेगा।
Edited By: Sumit Shrivastava
Anand Sharma
By Anand Sharma
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts