बेगमगंज:पूर्व एसडीएम की विदाई ओर नवागत का हुआ स्वागत समारोह आयोजित

बेगमगंज में तत्कालीन एसडीएम सौरभ मिश्रा के जबलपुर तबादले पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नवागत एसडीएम सुश्री प्रियंका भलावी का भव्य स्वागत किया गया। राजस्व विभाग और निर्वाचन शाखा के कर्मचारियों द्वारा आयोजित समारोह में एसडीओपी सोनाली गुप्ता, थाना प्रभारी राजीव उइके, तहसीलदार प्रमोद उइके, सुल्तानगंज तहसीलदार देवेंद्र शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, अधिवक्ता, पत्रकार और सामाजिक प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। समारोह में पूर्व एसडीएम सौरभ मिश्रा और नवागत एसडीएम प्रियंका भलावी का शॉल-श्रीफल, पुष्पमालाओं, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में राजस्व विभाग, निर्वाचन शाखा, शिक्षा, स्वास्थ्य, जेल, कृषि, कोटवार संघ, महाविद्यालयीन कर्मचारी और अन्य विभागों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
वक्ताओं ने सराहा सौरभ मिश्रा का कार्यकाल
कार्यक्रम का संचालन प्रदीप सोनी 'शून्य' ने किया। इस दौरान पटवारी अंकुर दुबे, अधिवक्ता आलोक दुबे, दीपक कटारे, तहसीलदार देवेंद्र शुक्ला, अधिवक्ता संतोष बुंदेला, पत्रकार सईद नादां और अशोक शर्मा ने अपने संबोधन में सौरभ मिश्रा की कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता और जनहित के प्रति समर्पण की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जरूरतमंदों की मदद के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। साथ ही नवागत एसडीएम प्रियंका भलावी से भी इसी तरह समन्वय और जनहित में कार्य करने की अपेक्षा जताई।
'सभी के सहयोग से मिली सफलता'
विदाई समारोह में भावुक हुए पूर्व एसडीएम सौरभ मिश्रा ने कहा कि बेगमगंज में मिली उपलब्धियां सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और मीडिया के सहयोग का परिणाम हैं। उन्होंने बताया कि राजस्व प्रकरणों के निपटारे, निर्वाचन कार्य, एसआईआर, जनगणना और अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियों में टीमवर्क की बदौलत बेगमगंज ने जिले में कई बार पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने अपने करियर का जिक्र करते हुए बताया कि उनकी पहली नियुक्ति जेल विभाग में फार्मासिस्ट के रूप में हुई थी। पत्नी की प्रेरणा और सहयोग से उन्होंने एमपीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर डिप्टी कलेक्टर बनने का सपना पूरा किया। उन्होंने सभी विभागों और मीडिया का आभार भी व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें: इंद्रदेव को मनाने का अनोखा टोटका : भोपाल में गधों को खिलाए गए गुलाब जामुन, 44 जिलों में बारिश का अलर्ट
नवागत एसडीएम ने जताया भरोसा
नवागत एसडीएम प्रियंका भलावी ने स्वागत के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पूर्व एसडीएम की तरह उन्हें भी सभी विभागों, कर्मचारियों और मीडिया का सकारात्मक सहयोग मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समन्वय और पारदर्शिता के साथ जनहित में बेहतर कार्य करने का प्रयास करेंगी।
एसडीओपी ने की कार्यशैली की सराहना
एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने सौरभ मिश्रा के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने त्योहारों और संवेदनशील परिस्थितियों में पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य किया। उनका सहयोग और मार्गदर्शन हमेशा याद रखा जाएगा कार्यक्रम के अंत में तहसीलदार प्रमोद उइके ने आभार व्यक्त किया। इसके बाद सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और मीडियाकर्मियों ने समूह फोटो खिंचवाया और सहभोज के साथ समारोह का समापन हुआ। उपस्थित लोगों ने सौरभ मिश्रा को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।












