सोलर पैनल फाइल बढ़ाने के लिए 80 हजार की रिश्वत मांगी: बिजली कंपनी का जूनियर इंजीनियर 40 हजार लेते लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा

इंदौर। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (एमपीपीकेवीवीसीएल) के सुखलिया जोन में पदस्थ एक कनिष्ठ यंत्री (जेई) को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने होटल की इमारत पर लगाए जाने वाले सोलर पैनल की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने शनिवार को ट्रैप कार्रवाई कर उसे 40 हजार रुपये की पहली किश्त लेते हुए दबोच लिया।
यह भी देखें: Sidhi News 10 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचे गए जिला अभियोजन अधिकारी
लोकायुक्त के अनुसार शिकायतकर्ता शिवप्रकाश बसवाल, निवासी कुलकर्णी नगर, इंदौर ने 17 जुलाई को लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अंबे नगर स्थित जीआर-7 होटल की इमारत पर सोलर पैनल लगाने की फाइल मंजूर करने के लिए कनिष्ठ यंत्री नमेश कुमार भोंडेकर द्वारा 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत सही मिली, फिर बिछाया जाल
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। शनिवार को टीम ने एमपीपीकेवीवीसीएल के सुखलिया जोन कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी नमेश कुमार भोंडेकर को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम-2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।












