बेगमगंज सिविल अस्पताल में अवैध पार्किंग पर कार्रवाई, दर्जनों वाहन हटवाए

बेगमगंज। बीएमओ डॉ. नितिन सिंह तोमर ने पुलिस के सहयोग से दो दर्जन से अधिक चार पहिया वाहनों को हटवाकर अस्पताल का मैदान और टीनशेड खाली कराया। कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन मालिक अपने वाहन लेकर चले गए, जबकि कुछ हठधर्मी वाहन मालिकों के वाहन अभी भी टीनशेड में खड़े हैं। अस्पताल प्रबंधन ने अब दोबारा वाहन खड़े किए जाने पर उन्हें जब्त कराने की चेतावनी दी है।
महीनों से अस्पताल में खड़े थे वाहन
पिछले कई महीनों से सरकारी सिविल अस्पताल प्रांगण और अस्पताल के टीनशेड में आम लोगों द्वारा अपने दर्जनों वाहन अवैध रूप से खड़े किए जा रहे थे। इससे अस्पताल में आने-जाने वाली एम्बुलेंस और इमरजेंसी में मरीजों को लेकर आने वाले वाहनों को आए दिन समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
ये भी पढ़ें: सिंगरौली में 62 घंटे तक जल सत्याग्रह के बाद महिलाओं ने शुरू किया 'चिता आंदोलन'
पुलिस की सहायता से हटवाए दो दर्जन से अधिक वाहन
बीएमओ डॉ. नितिन सिंह तोमर ने अस्पताल में पार्किंग व्यवस्था सुचारू कराने के उद्देश्य से नगर के अन्य आमजनों के महीनों से अवैधानिक रूप से खड़े दो दर्जन से अधिक चार पहिया वाहनों को पुलिस के सहयोग से हटवाया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल का मैदान और टीनशेड खाली कराया गया।
वाहन मालिकों में मचा हड़कंप
अस्पताल प्रांगण में पुलिस टीम के आते ही वाहन मालिकों को कार्रवाई की जानकारी लगी, जिसके बाद हड़कंप मच गया। कुछ वाहन मालिक भागे-भागे आए और अपने-अपने वाहन उठाकर ले गए, लेकिन कुछ हठधर्मी वाहन मालिकों ने अभी तक अपने वाहन नहीं हटाए हैं।
संरक्षण मिलने की भी कही जा रही बात
बताया जा रहा है कि कुछ वाहन मालिकों को किसी का संरक्षण प्राप्त है, इसलिए उन्होंने अपने वाहनों को नहीं हटाया। बीएमओ पिछले दो माह से अस्पताल परिसर को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रयासरत हैं और आज की कार्रवाई के बाद उम्मीद है कि फिर कोई अस्पताल परिसर में अवैध वाहन खड़ा करने का साहस नहीं जुटा सकेगा।
ये भी पढ़ें: कल बैंक में नहीं होगा कामकाज! "5 Day बैंकिंग" की मांग पर बैंककर्मी उतरेंगे सड़कों पर
दोबारा वाहन खड़ा किया तो होगा जब्त
सीबीएमओ डॉ. नितिन सिंह तोमर का कहना है कि अस्पताल प्रांगण और टीनशेड को खुला और साफ रखा जाएगा, ताकि एम्बुलेंस या इमरजेंसी वाहनों के आने-जाने में कोई दिक्कत न हो। अब अगर किसी ने भी अस्पताल में अपने वाहनों की पार्किंग की तो उन्हें जब्त कराया जाएगा।




















