Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बांग्लादेश के रिसॉर्ट में भीषण आग, 10 लोगों की मौत, 9 घायल

बांग्लादेश के कॉक्स बाजार जिले में समुद्र किनारे स्थित TUPTUP Resto and Resort में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल हुए हैं। तीन मंजिला रिसॉर्ट पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। आग लगने के कारणों की जांच जारी है और मृतकों की पहचान के लिए DNA सैंपल लिए जाएंगे।
बांग्लादेश के रिसॉर्ट में भीषण आग, 10 लोगों की मौत, 9 घायल

बांग्लादेश के कॉक्स बाजार जिले में शनिवार सुबह एक रिसॉर्ट में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। आग इनानी इलाके में समुद्र किनारे स्थित TUPTUP Resto and Resort में लगी। आग की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।

सुबह 6:30 बजे लगी आग

अधिकारियों के मुताबिक, रिसॉर्ट में शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे आग लगी। यह तीन मंजिला इमारत मरीन ड्राइव के किनारे पटुआर्टेक बीच के पास स्थित थी। रिसॉर्ट मुख्य रूप से बांस और लकड़ी से बना था, जिसके कारण आग ने पूरे ढांचे को अपनी चपेट में ले लिया। कॉक्स बाजार फायर सर्विस के प्रवक्ता तल्हा बिन जसीम ने दोपहर करीब 1:30 बजे तक 10 लोगों की मौत और 9 लोगों के घायल होने की पुष्टि की। आग इतनी भीषण थी कि पूरा रिसॉर्ट जलकर नष्ट हो गया।

रिसॉर्ट में करीब 30 लोग थे मौजूद

जानकारी के मुताबिक, आग लगने के समय रिसॉर्ट में करीब 30 लोग मौजूद थे। इनमें से 4 से 5 लोग बाहर निकलने में सफल रहे। बाकी लोगों के बारे में शुरुआती जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी थी। कॉक्स बाजार फायर सर्विस के डिप्टी असिस्टेंट डायरेक्टर सैयद मोहम्मद मोर्शेद हुसैन ने बताया कि आग से रिसॉर्ट का पूरा ढांचा नष्ट हो गया।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

आग में घायल हुए लोगों को कॉक्स बाजार सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर साबुक्तागिन महमूद सोहेल के मुताबिक, पांच लोगों के शरीर का करीब 5 प्रतिशत हिस्सा झुलसा है। इन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य व्यक्ति गिरने से घायल हुआ था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

शवों की पहचान के लिए लिए जाएंगे DNA सैंपल

कॉक्स बाजार के डिप्टी कमिश्नर ए. मन्नान ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, अब तक 6 शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने और शव परिवारों को सौंपने से पहले DNA सैंपल लिए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया और राहत कार्य जारी हैं।

रसोई से आग लगने की आशंका, जांच जारी

रिसॉर्ट में आग लगने की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। कुछ लोगों को आशंका है कि आग रसोई से शुरू हुई होगी, लेकिन अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। फायर सर्विस की टीम घटना की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के कारणों का पता चल सकेगा।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts