बैंकॉक एयरपोर्ट पर 28 घंटे से फंसे 200 भारतीय, एअर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी के बाद बढ़ी परेशानी

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से भारत लौट रहे करीब 200 भारतीय यात्री घंटों से एयरपोर्ट पर फंसे रहे। यात्रियों के मुताबिक एअर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के बाद उड़ान को रनवे से वापस लाना पड़ा। इसके बाद फ्लाइट के बार-बार रीशेड्यूल होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। इनमें मध्य प्रदेश के कई यात्री भी शामिल हैं। यात्रियों का कहना है कि वे गुरुवार शाम से एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे थे। करीब 28 घंटे तक उन्हें फ्लाइट के उड़ान भरने का इंतजार करना पड़ा। यात्रियों में छोटे बच्चों और महिलाओं के साथ बुजुर्ग भी शामिल बताए गए हैं।
रनवे पर पहुंचने के बाद वापस आई फ्लाइट
यात्रियों के अनुसार शाम करीब 6 बजे बोर्डिंग शुरू हुई और करीब 6:15 बजे विमान रनवे तक पहुंच गया। यात्री उड़ान भरने का इंतजार कर रहे थे और कुछ लोग विमान से सूर्यास्त का वीडियो भी बना रहे थे। इसी दौरान विमान को वापस रनवे पर लाया गया। जब केबिन की लाइटें चालू हुईं तो यात्रियों ने क्रू से इसकी वजह पूछी। उन्हें तकनीकी खराबी की जानकारी दी गई। करीब रात 8:30 बजे तक यात्रियों को विमान में ही बैठाए रखा गया। इसके बाद बताया गया कि फ्लाइट रात 11:15 बजे रवाना होगी। कुछ समय बाद यात्रियों को अगले दिन तक उड़ान रद्द रहने की जानकारी दी गई।
ये भी पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा कदम: सरकारी स्कूलों के बच्चों को मिलेंगे 1200 रुपए, प्राइवेट टीचरों को कैशलेस इलाज का लाभ
एअर इंडिया ने होटल में ठहराया, फिर दोबारा बुलाया
फ्लाइट के प्रभावित यात्रियों के लिए एअर इंडिया की ओर से होटल की व्यवस्था की गई। यात्री रात करीब 12 बजे होटल पहुंचे। इसके बाद शुक्रवार को शाम 5:30 बजे उड़ान की जानकारी दी गई। यात्रियों के मुताबिक वे शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे दोबारा एयरपोर्ट पहुंच गए। वहां तीन-चार घंटे इंतजार करने के बाद उन्हें बताया गया कि फ्लाइट शाम 7:15 बजे रवाना होगी। लेकिन 7:15 बजे भी विमान ने उड़ान नहीं भरी। रात करीब 8 बजे तक बोर्डिंग शुरू होने की जानकारी सामने आई। इस बीच कुछ यात्रियों ने इंतजार से बचने के लिए दूसरी फ्लाइट से भारत लौटने का विकल्प चुना।
यात्रियों ने लगाए जानकारी नहीं देने के आरोप
फंसे यात्रियों का आरोप है कि उन्हें लगातार फ्लाइट के समय को लेकर अलग-अलग जानकारी दी गई। यात्रियों का कहना है कि एयरलाइन की ओर से उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही थी और न ही दूसरी फ्लाइट में सभी यात्रियों को शिफ्ट करने की व्यवस्था की गई। एक यात्री ने बताया कि शुक्रवार का काफी समय चेक-इन और चेक-आउट में ही निकल गया। यात्रियों का कहना है कि लंबे इंतजार के कारण बच्चों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।
ये भी पढ़ें: वर्दी में भक्ति का रंग; डीएसपी ने किया शिव तांडव स्तोत्र का सरल हिंदी अनुवाद, एक्टर मुकेश खन्ना ने लॉन्च किया वीडियो
एअर इंडिया ने बताया- ऑपरेशनल कारणों से बदला शेड्यूल
एअर इंडिया ने यात्रियों को भेजे ई-मेल में बैंकॉक से नई दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI4335 के शेड्यूल में बदलाव की जानकारी दी। एयरलाइन ने इसके पीछे ऑपरेशनल कारणों का हवाला दिया है। ई-मेल में तकनीकी खराबी का उल्लेख नहीं किया गया। एअर इंडिया के मुताबिक फ्लाइट अब 14 अगस्त को बैंकॉक के स्थानीय समयानुसार शाम 7:15 बजे रवाना होने और रात 10 बजे दिल्ली पहुंचने के लिए निर्धारित की गई है। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया है। फिलहाल यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चिंता यही है कि लंबे इंतजार के बाद फ्लाइट कब वास्तव में उड़ान भरती है और सभी यात्री सुरक्षित तरीके से भारत लौट पाते हैं।












